
x
हैदराबाद में जोरदार प्रदर्शन
TELANGANA तेलंगाना: राजधानी हैदराबाद में शुक्रवार को मेटा (Meta) कंपनी के खिलाफ यूथ कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। राष्ट्रीय युवा कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु चिब और राष्ट्रीय युवा कांग्रेस प्रभारी मनीष शर्मा के सोशल मीडिया अकाउंट भारत में प्रतिबंधित किए जाने को लेकर कार्यकर्ताओं में नाराजगी देखने को मिली। तेलंगाना यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जक्किडी शिवचरण रेड्डी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने गाचीबोवली स्थित मेटा कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया और कंपनी की कार्रवाई का विरोध जताया।
Gachibowli, Telangana: Telangana Youth Congress President Jakkidi Shivacharan Reddy and party workers protested outside Meta’s Gachibowli office in Hyderabad against the suspension of National Youth Congress leaders Uday Bhanu Chib and Manish Sharma’s social media accounts. (Source: Congress PRO)
— IANS (@ians_india) November 20, 2026
प्रदर्शन के दौरान यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने मेटा और केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि विपक्षी नेताओं की आवाज दबाने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने इस कार्रवाई को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़ा गंभीर मुद्दा बताया। तेलंगाना यूथ कांग्रेस अध्यक्ष जक्किडी शिवचरण रेड्डी ने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया कंपनियां राजनीतिक दबाव में विपक्षी नेताओं के खिलाफ कार्रवाई कर रही हैं। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया जनता और राजनीतिक दलों के लिए अपनी बात रखने का महत्वपूर्ण माध्यम है। ऐसे में विपक्ष के नेताओं के अकाउंट पर प्रतिबंध लगाने से कई सवाल खड़े होते हैं।
यूथ कांग्रेस ने मेटा से मांग की है कि उदय भानु चिब और मनीष शर्मा के प्रतिबंधित सोशल मीडिया अकाउंट तत्काल बहाल किए जाएं। संगठन ने यह भी सवाल उठाया है कि आखिर किन आदेशों और नियमों के आधार पर इन अकाउंट को भारत में प्रतिबंधित किया गया है। भारतीय युवा कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर भी इस मामले को उठाया है। संगठन के अनुसार, दोनों नेताओं के इंस्टाग्राम अकाउंट कुछ ही घंटों के अंतराल में भारत में प्रतिबंधित किए गए। युवा कांग्रेस ने दावा किया कि यह कार्रवाई भारत के सूचना प्रौद्योगिकी नियमों के तहत की गई है। संगठन ने संबंधित आदेशों और कानूनी आधार को सार्वजनिक करने की मांग की है।
इस बीच गाचीबोवली स्थित मेटा कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर रहे प्रदेश अध्यक्ष जक्किडी शिवचरण रेड्डी सहित कई युवा कांग्रेस नेताओं को स्थानीय पुलिस ने हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस की कार्रवाई के बाद भी संगठन ने सोशल मीडिया अकाउंट पर लगाए गए प्रतिबंध को लेकर अपना विरोध जारी रखने की बात कही।
युवा कांग्रेस ने कहा है कि वह इस मामले में कानूनी विकल्पों का भी सहारा लेगी। संगठन का कहना है कि सोशल मीडिया अकाउंट पर प्रतिबंध लगाने की प्रक्रिया पारदर्शी होनी चाहिए और संबंधित पक्षों को कार्रवाई के कारणों की जानकारी मिलनी चाहिए। फिलहाल इस विवाद में मेटा की ओर से प्रतिबंध के कारणों पर विस्तृत आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है। यूथ कांग्रेस की मांग है कि दोनों नेताओं के अकाउंट बहाल किए जाएं और कार्रवाई से जुड़े सवालों का जवाब दिया जाए।
Next Story





