
x
छत्तीसगढ़
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक 33 वर्षीय शादीशुदा महिला के साथ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। महिला ने आरोप लगाया है कि युवक ने विवाह करने का भरोसा दिलाकर उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए और बाद में शादी करने से इनकार कर दिया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामला चक्रधरनगर थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार, 3 नवंबर को 33 वर्षीय महिला ने महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। महिला ने बताया कि वर्ष 2012 में उसका विवाह सामाजिक रीति-रिवाज से हुआ था। इसके बाद वर्ष 2024 में उसकी पहचान ग्राम भाठनपाली निवासी 33 वर्षीय प्रवीण कुमार प्रधान से हुई। दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे जान-पहचान बढ़ गई।
महिला चक्रधरनगर क्षेत्र में किराये के मकान में रहती थी, जहां आरोपी प्रवीण कुमार प्रधान का आना-जाना था। पीड़िता के अनुसार, 4 दिसंबर 2024 को आरोपी ने शादी करने का भरोसा दिलाकर उसे अपने किराये के मकान में बुलाया और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद भी वह लगातार शादी का आश्वासन देकर उसका कथित तौर पर शारीरिक शोषण करता रहा।
शादी से इनकार कर धमकी देने का आरोप
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि 18 जनवरी को आरोपी उसके घर पहुंचा और विवाद करने लगा। इस दौरान उसने कथित तौर पर जबरन शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद आरोपी ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया और धमकी भी दी। महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। मामला दर्ज होने की जानकारी मिलते ही आरोपी फरार हो गया था।
गांव में दबिश देकर आरोपी को पकड़ा
पुलिस लगातार आरोपी की तलाश कर रही थी। इसी बीच सूचना मिली कि आरोपी प्रवीण कुमार प्रधान ग्राम भाठनपाली में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गांव में दबिश देकर आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ और आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद पुलिस ने आरोपी प्रवीण कुमार प्रधान को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। मामले में पुलिस की विवेचना जारी है।
Next Story





