भारत

भाई के ससुराल में युवक की हत्या, DJ पर डांस करना भारी पड़ गया

Nil dhankar
12 Feb 2026 7:07 AM IST
भाई के ससुराल में युवक की हत्या, DJ पर डांस करना भारी पड़ गया
x
पढ़े पूरी खबर

यूपी। गोरखपुर में सिकरीगंज क्षेत्र के हरिजनपुर गांव में मंगलवार की रात डीजे पर डांस को लेकर विवाद में मनबढ़ों ने एक युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी। इलाज के दौरान बुधवार सुबह युवक की मौत हो गई। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। कार्रवाई की मांग को लेकर परिजनों ने थाने का घेराव किया। पुलिस ने पांच लोगों पर मुकदमा दर्ज कर दो को गिरफ्तार किया है।

सहजनवा थाना क्षेत्र के चिरईयाढाड़ गांव के मुनीब चौहान (19) की बहन सरोजा देवी ने तहरीर देकर पुलिस को बताया कि 10 फरवरी को उसके भाई अनिल की साली की शादी हरिजनपुर में थी। दूसरा भाई मुनीब शादी में शामिल होने गया था। रात करीब 10 बजे डीजे पर डांस को लेकर कुछ युवकों से मुनीब का विवाद हो गया। सत्येंद्र, निक्कू व अन्य लोगों ने लाठी-डंडे से मुनीब पर हमला कर दिया। मुनीब को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पांच आरोपियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर आकाश चौहान और बॉबी चौहान को गिरफ्तार कर लिया है। एसपी साउथ दिनेश कुमार पुरी ने बताया कि अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।

सिकरीगंज इलाके में शादी समारोह में डीजे पर डांस का विवाद इस कदर गहरा गया कि मनबढ़ों ने बेरहमी से पीटकर एक युवक की जान ले ली। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। ‘हिन्दुस्तान वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है। हालांकि उस वीडियो में लोगों की बर्बरता नजर आ रही है। युवक के नीचे जमीन पर गिरते ही कई लोग उसे लाठी-डंडे से पीट रहे थे तो कुछ युवक लात-घूंसों से मारते नजर आ रहे हैं। कुछ लोग बचाने की कोशिश भी कर रहे हैं लेकिन उनकी कोशिश गुस्से के आगे बेकार साबित हुई और युवक की इस कदर पिटाई की गई कि उसकी मौत हो गई।

Next Story
null