
महाराष्ट्र। पुणे में प्रसिद्ध पर्यटन स्थल लोहगढ़ किले पर एक दर्दनाक हादसे में 26 साल के यंग बिजनेसमैन केतन विशाल अग्रवाल की मौत हो गई. इस घटना के बाद न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे कारोबारी और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है.
जानकारी के अनुसार, केतन अग्रवाल अपने परिवार और दोस्तों के साथ लोहगढ़ किले पर घूमने गए थे. बताया जा रहा है कि सभी लोग किले के विभिन्न हिस्सों का भ्रमण कर रहे थे. इसी दौरान अचानक केतन का पैर फिसल गया और वे लगभग 350 फीट गहरी खाई में जा गिरे. हादसा इतना भयावह था कि उन्हें संभलने का कोई मौका नहीं मिला और उनकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही लोणावला ग्रामीण पुलिस, शिवदुर्ग मित्र लोणावला और मावळ वन्यजीव रक्षक संगठन की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं. दुर्गम इलाके में काफी मशक्कत के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर केतन के शव को खाई से बाहर निकाला गया. इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उपचार शुरू करने से पहले ही मृत घोषित कर दिया.
परिवार के लिए यह हादसा इसलिए भी अधिक दर्दनाक है क्योंकि केतन के जीवन में खुशियों का एक नया अध्याय शुरू होने वाला था. 19 जून को उनकी होनेवाली पत्नी का जन्मदिन था, जिसके लिए उन्होंने विशेष तैयारियां की थीं. जन्मदिन के अवसर पर महाबलेश्वर में सेलिब्रेशन की योजना बनाई गई थी और उसके लिए व्यवस्थाएं भी लगभग पूरी हो चुकी थीं. इतना ही नहीं, अगले महीने जयपुर में उनका भव्य विवाह समारोह आयोजित होने वाला था. परिवार द्वारा इस समारोह की तैयारियां बड़े पैमाने पर की जा रही थीं. जानकारी के मुताबिक, शादी के लिए जयपुर में एक शानदार पैलेस बुक किया गया था. मेहमानों के आवागमन के लिए दो विशेष विमानों की भी व्यवस्था की गई थी. लेकिन शादी की तैयारियों और खुशियों के बीच हुए इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है. केतन अग्रवाल, प्रसिद्ध निर्माण व्यवसायी विशाल अग्रवाल के पुत्र थे. उनके असामयिक निधन से परिवार, रिश्तेदारों और मित्रों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. जिस घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब मातम का माहौल है.
इस घटना के संबंध में लोणावला ग्रामीण पुलिस थाने में आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया गया है. पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है. हादसा गुरुवार सुबह करीब 10 बजे हुआ. घटना के बाद स्थानीय प्रशासन, पुलिस और बचाव दलों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. लोहगढ़ किला पुणे और मुंबई के पर्यटकों के बीच बेहद लोकप्रिय पर्यटन स्थल माना जाता है. मानसून के मौसम में यहां बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं. ऐसे में यह हादसा एक बार फिर पहाड़ी और किलों वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतने की आवश्यकता की याद दिलाता है.





