भारत

श्री नयनादेवी जी में सोलर हट्स का काम शुरू

Shantanu Roy
21 July 2026 5:41 PM IST
श्री नयनादेवी जी में सोलर हट्स का काम शुरू
x
Bilaspur. बिलासपुर। उत्तरी भारत के प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री नयनादेवी में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर न्यास ने आधुनिक सुविधाओं की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। मंदिर परिसर में आठ से दस सोलर हट्स स्थापित किए जा रहे हैं, जहां श्रद्धालुओं के बैठने के साथ सोलर ऊर्जा से चलने वाले पंखों की सुविधा भी उपलब्ध होगी। करीब 25 लाख रुपए की इस परियोजना का कार्य शुरू हो चुका है और इसे एक सप्ताह के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। सोमवार को उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने सोलर हट्स और लाइव ब्रॉडकास्टिंग सुविधा का शुभारंभ किया।

अब मंदिर परिसर और आसपास लगाए गए तीन नई एलईडी डिस्प्ले यूनिट्स के माध्यम से श्रद्धालु मां नयनादेवी के लाइव दर्शन कर सकेंगे। साथ ही यूट्यूब के जरिए भी देश-विदेश के श्रद्धालुओं को मंदिर के सीधे दर्शन उपलब्ध होंगे। मंदिर न्यास का कहना है कि इन सुविधाओं का सबसे अधिक लाभ आगामी श्रावण अष्टमी मेले में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को मिलेगा। उपायुक्त राहुल कुमार ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए सोलर हट्स और लाइव दर्शन जैसी आधुनिक व्यवस्थाएं शुरू की गई हैं, जिससे दर्शन व्यवस्था अधिक सुगम और सुविधाजनक बनेगी। उद्घाटन अवसर पर एसडीएम श्री नयनादेवी धर्मपाल तथा मंदिर न्यास के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
Next Story