भारत

Hamirpur-कांगड़ा-मंडी में पुरुषों को पछाड़ आगे निकलीं महिला मतदाता

Shantanu Roy
6 Jun 2024 9:58 AM GMT
Hamirpur-कांगड़ा-मंडी में पुरुषों को पछाड़ आगे निकलीं महिला मतदाता
x
शिमला। राजनीति में खामोश हिमाचल की महिलाएं लोकसभा चुनाव Lok Sabha Elections में रिकॉर्ड दर्ज कर गई हैं। राजनीतिक सभाओं में सबसे कम हाजिरी भरने के बावजूद मतदान केंद्रों में पुरुषों से ज्यादा भीड़ महिलाओं की रही है और इस भीड़ ने हिमाचल में लोकसभा चुनाव में एक बड़ा रिकॉर्ड महिलाओं के नाम कर दिया है। हमीरपुर, कांगड़ा और मंडी में कुल मतदान में महिलाओं की हिस्सेदारी ज्यादा रही है। सबसे बड़ा आंकड़ा निवर्तमान केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के गृह क्षेत्र में देखने को मिला है। हमीरपुर संसदीय क्षेत्र पुरुषों के मुकाबले में 52 हजार 548 महिलाएं ज्यादा मतदान करने के लिए पहुंची थीं। यहां पांच लाख 38 हजार 886 महिलाओं ने मताधिकार का इस्तेमाल किया है, जबकि चार लाख 86 हजार 338 पुरुष मतदाताअें ने यहां वोट किया है।
महिलाओं के मतदान में कांगड़ा दूसरे नंबर पर है। यहां 42 हजार 845 महिलाओं ने पुरुषों के मुकाबले ज्यादा मतदान किया है। कांगड़ा में पांच लाख 31 हजार 434 महिला मतदाताओं ने सरकार चुनने का फैसला किया, जबकि चार लाख 88 हजार 589 पुरुष मतदान केंद्रों तक पहुंचे। इसके साथ ही मंडी संसदीय क्षेत्र में पुरुषों के मुकाबले 8516 महिलाओं ने ज्यादा वोट डाले हैं। यहां कुल मतदान में पांच लाख तीन हजार 173 महिलाओं और चार लाख 94 हजार 657 पुरुषों ने अपने मत का इस्तेमाल किया।
इस बार लोकसभा चुनाव में 2019 के मुकाबले 5.28 फीसदी ज्यादा मतदाताओं ने मतदान किया है। 2019 में 38 लाख एक हजार 766 मतदाताओं ने ही प्रदेश में अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था, जबकि 2024 के मौजूदा लोकसभा चुनाव में 40 लाख दो हजार 541 रही है। पांच साल में दो लाख से ज्यादा मतदाता बढ़े हैं। हालांकि इस दौरान नए मतदाताओं की भी बड़ी संख्या दर्ज हुई है इस संख्या के मुकाबले दो लाख से ज्यादा वोट बढऩे के बावजूद मतदान 2019 के 72 फीसदी मतदान को पार नहीं कर पाया। निर्वाचन विभाग के जो आंकड़े सार्वजनिक हुए हैं, उन पर नजर दौड़ाएं तो तो 2019 के मुकाबले 5.28 फीसदी ज्यादा मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया है।
Next Story