भारत

महिला को दरिंदे से बचाया, एक कॉल पर पुलिस ने दिखाई तत्परता

Nil dhankar
20 July 2026 7:13 AM IST
महिला को दरिंदे से बचाया, एक कॉल पर पुलिस ने दिखाई तत्परता
x
पढ़े पूरी खबर

ओडिशा। ओडिशा में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां पर पुलिस ने एक महिला को जंगल के अंदर से बचाया। आरोप है कि महिला के बलात्कार की कोशिश की गई। वह बचकर भागने में तो कायमाब रही, लेकिन इस कोशिश में जंगल में रास्ता भटक गई। शुक्र है मोबाइल उसके पास था और उसने पुलिस को इस बारे में जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने महिला की तलाश शुरू की। जब उसकी सटीक लोकेशन नहीं मिली तो पुलिस ने ड्रोन, फ्लेयर गन और रॉकेट का इस्तेमाल करके बाहर निकाला।

जानकारी के मुताबिक महिला कहीं जा रही थी। खुर्दा बस स्टैंड के पास उसने एक मोटरसाइकिल से लिफ्ट ली। आरोप है कि लिफ्ट देने के बाद मोटरसाइकिल सवार महिला को लेकर रतनपुर के जंगलों की तरफ जाने लगा। जब महिला को बाइक सवार की मंशा का अंदाजा हुआ तो वह बाइक से उतरकर भागने की कोशिश करने लगी। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने इस दौरान उसका रेप करने की कोशिश की। लेकिन वह लड़ती रही और आखिरकार किसी तरह उसके चंगुल से बचकर भागने में कामयाब रही। भागते-भागते युवती रास्ता भटक गई और जंगल के अंदर पहुंच गई। इसके बाद उसने अपने मोबाइल की मदद से पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। सूचना मिलते ही इंफोवैली, जटनी और खंडागिरी पुलिस थानों की 50 फीसदी फोर्स ने एसीपी जोन-III के नेतृत्व में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि युवती के मोबाइल पर जीपीएस ऑन नहीं था। इसलिए उसको पता नहीं चल पा रहा था कि वह जंगल में किस जगह पर है। हालांकि उसे सुरक्षित ढंग से बचा लिया गया।

पुलिस ने आगे बताया कि युवती, शुरू में शिकायत दर्ज कराने को लेकर झिझक रही थी। लेकिन काफी समझाने-बुझाने के बाद वह केस दर्ज कराने के लिए राजी हो गई। इसके बाद इंफोवैली पुलिस थाने में बलात्कार के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। अपराध के दौरान इस्तेमाल की गई बाइक को भी सीज कर दिया गया है। पुलिस अब मामले में आगे की जांच कर रही है।

Next Story