भारत

महिला ने फेसबुकिया प्यार पाने पति को रास्ते से हटाया, सनसनीखेज हत्या का खुलासा

Nil dhankar
11 Feb 2026 7:45 AM IST
महिला ने फेसबुकिया प्यार पाने पति को रास्ते से हटाया, सनसनीखेज हत्या का खुलासा
x
पढ़े पूरी खबर

यूपी। झांसी में 9 दिन पहले हुई सनसनीखेज हत्या का आरोपी कोई और नहीं बल्कि मृतक की पत्नी ही निकली. जिसने खुद साजिश रची और फिर तमंचा देकर प्रेमी से अपने पति की हत्या करवा दी थी. पुलिस ने पत्नी, उसके प्रेमी व उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया. मृतक की पत्नी और हत्यारोपी के बीच करीब 6 माह पहले फेसबुक के माध्यम से प्यार शुरू हुआ था. यह प्यार इस हद तक बढ़ गया था कि प्रेमी ने महिला के नाम का हांथ में टैटू भी बनवा लिया था. पुलिस को इनके पास से हत्या में प्रयोग किया गया तमंचा, बाइक और तीन मोबाइल मिले हैं.

दरअसल झांसी की नवाबाद थाना पुलिस को 1 फरवरी की सुबह रेलवे स्टेशन के पीछे पुलिया नम्बर 9 की ओर जाने वाले मार्ग पर खून से लथपथ शव पड़ा हुआ मिला था. जिसके पासे मिले प्रपत्रों के आधार पर उसकी पहचान जगभान निवासी तेरई फाटक थाना तालबेहट जिला ललितपुर के रूप में हुई थी. मृतक के बेटे राज ने अज्ञात लोगों के खिलाफ नवाबाद थाने में हत्या का मामला दर्ज कराया था. मामला दर्ज होने के बाद घटना को गंभीरता से लेते हुए तीन पुलिस टीमों को खुलासे के लिए लगाया था. पुलिस टीम ने अपने सारे सूचना तंत्र लगाकर उनकी तलाश शुरू कर दी. जिसमें पुलिस टीम को पता चला कि इस घटना के पीछे किसी और का नहीं बल्कि मृतक की पत्नी किरन का हाथ है. पुलिस ने सफलता हासिल करते हुए मंगलवार को रक्सा बाईपास तिराहे पर महादेव कॉम्पलेक्स के सामने से मृतक की पत्नी किरन समेत तीन लोगों को पकड़ लिया. उनके पास से एक बाइक, तमंचा और तीन मोबाइल मिले. तीनों को थाने लाया गया. जहां पूछताछ में महिला ने अपना नाम किरन बताया.

पूछताछ में पुलिस को जो कहानी सुनने में मिली उससे उनके होश उड़ गए. मृतक जगभान और किरन के तीन बच्चे हैं. वह रेलवे में वेंडर था. शराब के नशे में अक्सर पत्नी किरन के साथ मारपीट करता था. जिस कारण किरन परेशान रहती थी, इसी बीच करीब 6 माह पहले किरन को फेसबुक के माध्यम से आरोपी शिवकुमार लोधी से प्यार हो गया. यह प्यार इस हद तक बढ़ गया कि दोनों ने एक दूसरे के साथ जीने-मरने की कसमें खा ली. शिवकुमार ने तो अपने हाथ में किरन के नाम का टैटू भी बनवा लिया था. इसके अलावा उनकी बातचीत आसानी से हो सके, इसके लिए शिवकुमार ने एक अलग से सिम भी लाकर किरन को दिया था. दोनों आपस में बातचीत करने लगे. इसी बीच किरन ने अपने दर्द के बारे में शिवकुमार को बताया. जिसके बाद दोनों ने जगभान को रास्ते से हटाने का षडयंत्र रचा. इसके लिए महिला ने पति को मारने के लिए तमंचा भी लाकर प्रेमी को दे दिया. इसके बाद 31 जनवरी को जब जगभान घर से काम पर जाने की कहकर निकला था, तभी उसने फोनकर अपने प्रेमी को इसकी जानकारी दे दी.

फिर प्रेमी ने अपने साथी धर्मेन्द्र के साथ मिलकर जगभान को बुलाया और गोली मारकर हत्या कर दी. हत्या करने के बाद वह वहां से भाग गया था और महिला के सम्पर्क में बराबर रहा. बताया तो यहां तक गया है कि आरोपी शिवकुमार पहले भी एक अन्य महिला से प्यार करता था. जिसकी उसने काफी समय पहले हत्या कर दी थी. जिसका मध्य प्रदेश में मुकदमा भी दर्ज है. झांसी नगर पुलिस अधीक्षक प्रीति सिंह ने बताया कि थाना नवाबाद पुलिस को 1 फरवरी की सुबह स्टेशन के पीछे पुलिया नम्बर-9 की ओर जाने वाले मार्ग पर एक शव पड़े होने की सूचना मिली थी. पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी. शव के पास से कुछ प्रपत्र मिले थे, जिसके अनुसार उसकी पहचान जगभान निवासी तालबेहट के रूप में हुई थी.

इसके बाद मृतक के बेटे की ओर से हत्या का एक मामला दर्ज किया गया था. मामला दर्ज होने के बाद घटना का खुलासा करने के लिए पुलिस की तीन टीमें लगाई गई थीं. जिन्होंने सफलता हासिल करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. इनमें मृतक की पत्नी भी शामिल है. मृतक की पत्नी के संबंध शिवकुमार निवासी शिवपुरी मध्य प्रदेश के साथ थे. मृतक की पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर इस घटना का षड़यंत्र रचा था.


Next Story
null