भारत

पति से अलग रह रही महिला ने दो लड़कों को प्रेम जाल में फंसाया, एक ने की दूसरे की हत्या

Nil dhankar
6 Aug 2026 7:47 AM IST
पति से अलग रह रही महिला ने दो लड़कों को प्रेम जाल में फंसाया, एक ने की दूसरे की हत्या
x
पढ़े पूरी खबर

यूपी। प्यार... फिर तकरार... फिर नया प्यार... और आखिर में खून. उत्तर प्रदेश के मऊ से सामने आई यह कहानी किसी क्राइम थ्रिलर की स्क्रिप्ट जैसी लगती है. एक महिला, जो पति से अलग रह रही थी. फिर उसकी जिंदगी में आया पहला प्रेमी. कुछ वक्त बाद उसी कहानी में दूसरे प्रेमी की एंट्री हुई. और फिर एक रात ऐसा फैसला हुआ, जिसने एक शख्स की जान ले ली और तीन लोगों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया. पुलिस का कहना है कि यह पूरा कत्ल एक 'लव ट्रायंगल' का नतीजा है.

मऊ जिले के सरायलखंसी इलाके में रहने वाली शहजादी पिछले करीब ढाई साल से अपने पति से अलग रह रही थी. तीन बच्चों की मां शहजादी की जिंदगी में इसी दौरान असगर अली नाम के युवक की एंट्री हुई. मुलाकातें बढ़ीं, बातें बढ़ीं और फिर दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए. मोहब्बत का यह सिलसिला कुछ समय तक ठीक चला. पुलिस के मुताबिक, कुछ समय बाद दोनों के बीच झगड़े शुरू हो गए. बात इतनी बढ़ी कि दोनों के रिश्ते में दरार पड़ गई. जब असगर के साथ रिश्ते बिगड़ रहे थे, तभी शहजादी की जिंदगी में उसी मोहल्ले के रहने वाले आकाश राव की एंट्री हुई. पुलिस का दावा है कि दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और नया प्रेम संबंध बन गया. वहीं असगर अली महिला से रिश्ता खत्म करने के लिए तैयार नहीं था. वह शहजादी को आकाश से मिलने से रोकता था. पुलिस के मुताबिक, यहीं से साजिश रची जाने लगी. पुलिस के अनुसार, शहजादी ने सरायलखंसी में एक कमरा किराए पर लिया. फिर बहाने से असगर को वहां बुलाया. रात हुई तो असगर कमरे में सो गया. पुलिस का कहना है कि पहले से तय प्लानिंग के मुताबिक आकाश अपने साथी सूरज के साथ कमरे में पहुंचा. सूरज ने असगर के हाथ पकड़ लिए. शहजादी ने उसका सिर दबोच लिया. और फिर आकाश ने चाकू से सीने पर कई वार कर दिए. कुछ ही पलों में असगर की मौत हो गई.

पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद शहजादी ने खुद पुलिस को सूचना दी और शुरुआत में मृतक को अपना पति बताया. लेकिन पुलिस को कहानी में कई सवाल नजर आए. जांच आगे बढ़ी... मोबाइल कॉल डिटेल, पूछताछ और अन्य साक्ष्यों ने पूरी तस्वीर बदल दी. तब पता चला कि मृतक उसका पति नहीं, बल्कि प्रेमी असगर अली था. मऊ के अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार के मुताबिक, जांच में सामने आया कि हत्या के पीछे प्रेम संबंधों को लेकर विवाद था. पुलिस ने शहजादी और आकाश के साथी सूरज राजभर को गिरफ्तार कर लिया है. हालांकि मुख्य आरोपी आकाश राव अभी फरार है. पुलिस का कहना है कि आकाश हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ पहले से रेप, मारपीट और अवैध हथियार रखने जैसे कई मामले दर्ज हैं. उसकी तलाश के लिए टीमें लगातार दबिश दे रही हैं.

Next Story