दिव्यांग पति के साथ चिट, प्रेमी से करवाई हत्या, सभी गिरफ्तार

बिहार। गया जिले में राजदेव भारती नाम के व्यक्ति की हत्या की जांच करते हुए पुलिस ने जो कहानी सामने रखी है, वह हैरान कर देने वाली है. पुलिस का कहना है कि यह हत्या अचानक नहीं हुई, बल्कि इसके पीछे लव अफेयर, साजिश और कई लोगों की भूमिका थी. इस मामले में मृतक की पत्नी सहित चार लोगों को पुलिस ने पकड़ा है. पुलिस का कहना है कि आरोपी महिला ने अपने प्रेमी को पत्नी की हत्या के लिए उकसाया था.
मामला इमामगंज थाना क्षेत्र का है. कुछ दिन पहले राजदेव भारती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी. शुरुआत में मामला सामान्य मौत जैसा दिखाने की कोशिश हुई, लेकिन पुलिस को कुछ बातें खटक गईं. इसके बाद जांच का दायरा बढ़ाया गया. गया की ग्रामीण एसपी दिव्यांजली के मुताबिक, वैज्ञानिक जांच, तकनीकी सबूतों और पूछताछ के दौरान जो जानकारी सामने आई, उसने पूरे मामले की दिशा बदल दी. पुलिस का कहना है कि मृतक की पत्नी का राजा आलम नाम के व्यक्ति के साथ अफेयर चल रहा था. जांच में यह बात सामने आई कि पति दोनों के रिश्ते के बीच कथित तौर पर रोड़ा बन रहा था. इसके बाद पत्नी ने अपने प्रेमी को पति की हत्या के लिए उकसाया.
पुलिस के अनुसार, राजा आलम ने अपने साथियों के साथ मिलकर राजदेव भारती की गला दबाकर हत्या कर दी. वारदात के बाद पूरे मामले को छिपाने की भी कोशिश की गई, ताकि किसी को हत्या का शक न हो. लेकिन जांच के दौरान मिले तकनीकी सबूत, घटना वाली जगह से इकट्ठे किए गए सबूत और पूछताछ में मिले इनपुट ने साजिश की परतें खुल गईं. जांच के आधार पर पुलिस ने मृतक की पत्नी समेत चार लोगों को पकड़ा है. इनमें राजा आलम, रोहित कुमार, मोहम्मद मुन्ना और मृतक की पत्नी शामिल हैं. पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है और यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस साजिश में कोई और व्यक्ति शामिल था या नहीं.
इस मामले में एक और पहलू भी सामने आया है. पुलिस का कहना है कि मृतक की पत्नी कथित तौर पर अवैध शराब के कारोबार से भी जुड़ी हुई थी. इमामगंज थाने में उसके खिलाफ पहले से एक मामला दर्ज है. हालांकि पुलिस यह जांच कर रही है कि इस हत्या का उस कारोबार से कोई संबंध था या नहीं. पुलिस इस हत्याकांड से जुड़े फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है.





