महिला ने कोर्ट परिसर में पति-ससुर की धुनाई कर दी, चल रहा तलाक का मामला

यूपी। रामपुर में अदालत के बाहर एक पत्नी ने अपने पति व ससुर को चप्पलों से पीट डाला. इस पिटाई का वीडियो किसी ने बना कर वायरल कर दिया. बताया जाता है कि महिला का पति उसके साथ मारपीट करता था और बच्चों के साथ उसे घर से भी निकाल दिया था. जिसको लेकर उसने अदालत में केस किया था. शुक्रवार को जब महिला के पति और ससुर कोर्ट पहुंचे, तभी उसने दोनों को पीट दिया.
जानकारी के अनुसार महिला जब तारीख के बाद अदालत के बाहर निकली तो पहले पति ने उसपर हमला किया और फिर तीन तलाक दे दिया. वहीं विरोध करने पर उसके साथ गाली-गलौज भी की गई. इससे भड़की बीवी ने चप्पल निकालकर शौहर को दौड़ा-दौड़ाकर पिटाई कर डाली. बताया जाता है कि बमनपुर खजुरिया क्षेत्र की रहने वाली महिला का निकाह खजुरिया थाना क्षेत्र के ही एक गांव में हुआ है. दोनों के बीच अनबन के बाद अलग होने की स्थिति आ गई है. महिला ने खर्चा वहन करने के लिए शौहर के खिलाफ पारिवारिक न्यायालय में वाद दायर किया है. शुक्रवार को इसी प्रकरण में तारीख पर महिला अपनी मौसी के साथ अदालत आई थी. इस दौरान उसका शौहर अपने पिता के साथ न्यायालय पहुंचा था.
तारीख होने के बाद दोनों पक्ष अदालत के बाहर आ गए. महिला का आरोप है कि उसके पति व ससुर ने उसे गाली-गलौज करते हुए तीन तलाक दे दिया. वहीं, इसका विरोध करने पर पति व ससुर ने मारपीट शुरू कर दी. इसके बाद गुस्साई बीवी ने चप्पल निकाल लिया और पति का कुर्ता पकड़कर चप्पलों से दौड़ा-दौड़ाकर पीटना शुरू कर दिया. जिससे पति का कुर्ता भी फट गया.





