पति को घायल करने वाली पत्नी गिरफ्तार, इंस्टाग्राम रील के चलते परिवार में कलह

गाजियाबाद। मोदीनगर में एक बेहद हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक महिला ने अपने पति की जीभ काट डाली। मोदीनगर के संजयपुरी कॉलोनी में हुई घटना में अब रीलबाजी की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि रात रील बनाने के चक्कर में पत्नी ने खाना नहीं बनाया था जिसकी वजह से झगड़ा हुआ था। इस दौरान पत्नी ने दांतों से पति की जीभ काट डाली। परिजनों के मुताबिक आरोपी पहले भी गाली-गलौज और मारपीट करती थी। सास की शिकायत पर केस दर्ज कर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
मोदीनगर थानाक्षेत्र की संजयपुरी कॉलोनी निवासी विपिन कुमार एक फैक्टरी में नौकरी करते हैं। उनकी शादी करीब छह महीने पहले मेरठ के मलियाना फाटक निवासी ईशा के साथ हुई थी। विपिन की मां गीता देवी का आरोप है कि बहू शराब और सिगरेट पीने की आदी थी और सोशल मीडिया पर रील बनाने को लेकर अक्सर घर में विवाद होता रहता था। बेटा विपिन इन आदतों का विरोध करता था, जिसे लेकर बहू उसके साथ न सिर्फ गाली-गलौज और मारपीट करती थी, बल्कि आत्महत्या कर जेल भिजवानी की धमकी देती थी।
बताया जा रहा है कि सोमवार को ईशा ने कई वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर डाले थे। रील के चक्कर में ईशा ने भोजन भी नहीं बनाया था। शाम को जब विपिन डयूटी से अपने घर पहुंचे और भोजन मांगा तो विवाद हो गया। विपिन ने ईशा को थप्पड़ मार दिया। गीता के मुताबिक उन्होंने भोजन बाहर से मंगवाकर विवाद समाप्त करा दिया। इसके बाद बहू-बेटा कमरे में सोने के लिए चले गए। बताया जा रहा है कि रात एक भोजन बनाने की बात को लेकर फिर से विवाद हो गया। ईशा मुंह से विपिन की जीभ काटकर अलग कर दी। एसीपी अमित सक्सेना ने बताया कि विपिन की मां गीता देवी की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया। भोजन बनाने को लेकर हुए विवाद में उसने वारदात को अंजाम दिया। मामले में कार्रवाई की जा रही है।
गीता का कहना है कि जीभ कटने के बाद विपिन लहूलुहान हालत में दूसरे कमरे में पहुंचा, जहां वह सो रही थी। पड़ोसियों और परिजनों ने विपिन को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन हालत गंभीर होने पर मेरठ के लिए रेफर कर दिया गया।





