
कानपुर। कानपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां गोविंदनगर में किराये पर रहने वाले युवक ने पुलिस के डर से गुरुवार शाम को फंदा लगाकर जान दे दी। दरअसल,पड़ोस में रहने वाली महिला से मोबाइल मांगने पर उसका विवाद हो गया था। महिला ने उसे पीटने के बाद पुलिस बुला ली, जिसे देखकर युवक डर गया और खुद को कमरे में बंद कर लिया। पुलिस बाहर खड़े होकर दरवाजा खटखटाती रही और युवक ने फांसी लगा ली।
मूलरूप से कन्नौज के ठठिया बसावनपुरवा में रहने वाले हाकिम सिंह मजदूरी करते हैं। हाकिम ने बताया कि वह पांच साल से गोविंदनगर नटराज सिनेमा के पास सुमित पाल के मकान में किराये पर रह रहे हैं। घर पर शुक्रवार को नवरात्र की पूजा थी। इस वजह से गुरुवार को पत्नी नीलम देवी के साथ सामान खरीदने गए थे। बड़ा बेटा अरुण पत्नी के साथ ससुराल में था। 19 वर्षीय मंझला बेटा अमन घर पर अकेला था। आरोप लगाया कि बेटे ने पड़ोस में किराये पर रहने वाली महिला से उनसे बात करने के लिए मोबाइल मांगा। इसी बात पर विवाद हो गया। महिला ने बेटे को पीटने के बाद पुलिस बुला ली। आरोप है कि पुलिस को देख बेटा डर गया और खुद को कमरे में बंद कर लिया। पुलिसकर्मी दरवाजा पीटते हुए उसे बाहर आने की चेतावनी दे रहे थे। इसी दहशत में बेटे अमन ने दुपट्टे से फंदा बनाकर जान दे दी। इस बीच महिला व पुलिसकर्मी मौके से भाग निकले। पड़ोसियों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने फॉरेंसिक टीम बुलाकर दरवाजा तुड़वाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। डीसीपी दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी के मुताबिक महिला की सूचना पर पुलिस पहुंची थी। युवक के दरवाजा न खोलने पर पुलिस लौट आई थी। इसक बाद युवक के सुसाइड की सूचना आई। जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
अमन की आत्महत्या के बाद उसके पिता ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि महिला के बुलाने पर पहुंची पुलिस ऐसे दरवाजा पीट रही थी जैसे उनका बेटा कोई अपराधी हो। उसने कोई जुर्म नहीं किया था, उलटे महिला ने ही बेटे को पीटा और पुलिस बुला ली। पुलिस बेटे को चेतावनी दे रही थी कि वह दरवाजा तोड़कर अंदर घुस जाएगी। इसी दहशत में बेटे ने फांसी लगाकर जान दे दी। पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे पिता हाकिम सिंह ने आरोप लगाया कि सात महीने पहले अमन का किसी विवाद हो गया था। इस मामले में पुलिस ने उसे पीटा था। इसके बाद से वह पुलिस से काफी डरने लगा था। यही कारण रहा कि उसने पुलिस को देखकर दरवाजा बंद कर लिया था। पिता का आरोप है कि जब बेटे अमन ने जवाब देना बंद कर दिया तो पुलिस को भनक लग गई थी कि उसने सुसाइड कर लिया है। आरोप है कि पुलिसकर्मी ने फंदे से झूलते अमन को देख लिया था। उसे बचाने के बजाय पुलिस व किरायेदार महिला भाग गए।





