अस्पताल में जब मरीजों ने जलाया मोबाइल का टॉर्च, स्वास्थ्य विभाग की हो रही फजीहत

बिहार। गोपालगंज में मॉडल सदर अस्पताल में एक बार फिर बड़ी लापरवाही सामने आई है. यहां बिजली आपूर्ति बाधित होने के बाद अंधेरे में टॉर्च की रोशनी जलाकर मरीजों का इलाज किए जाने का मामला सामने आया है. करीब एक घंटे तक सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में बिजली आपूर्ति बाधित होने पर मोबाइल का टॉर्च जलाकर मरीजों का इलाज करने का वीडियो लोगों ने सोशल मीडिया पर शेयर कर स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़ा कर दिया है.
गोपालगंज मॉडल सदर अस्पताल अत्याधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं के लिए जाना जाता है. यही वजह है कि यहां बड़ी संख्या में मरीज इलाज कराने पहुंचते हैं. लेकिन रविवार को यहां अचानक बिजली आपूर्ति ठप हो गई. हालांकि मरीजों का इलाज मोबाइल और टॉर्च की रोशनी में किए जाने के वीडियो सामने आने के बाद अस्पताल प्रशासन कुछ भी बोलने से बच रहा है. जानकारी के अनुसार गोपालगंज के मॉडल सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में अचानक बिजली आपूर्ति बाधित होने के बाद डॉक्टरों को मोबाइल का टॉर्च जलाकर मरीजों का इलाज करना पड़ा. नर्सिंग स्टाफ हाथ में टॉर्च लेकर काम करते हुए नजर आए. जिससे मरीज और उनके परिजन दहशत में दिखे.
सदर अस्पताल में मोबाइल टोर्च की रोशनी में मरीजों का इलाज कराते हुए वीडियो किसी ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया और सोशल मीडिया पर डाल दिया. फिर देखते ही देखते वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. वीडियो में साफ दिख रहा है कि डॉक्टर टॉर्च की रोशनी में मरीज देख रहे हैं. अंधेरे में इलाज को लेकर लोग सवाल भी उठा रहे हैं.





