भारत

मां ने दूसरी शादी की तो बेटे ने किया मर्डर, कार से कुचला

Nilmani Pal
4 Aug 2025 7:25 AM IST
मां ने दूसरी शादी की तो बेटे ने किया मर्डर, कार से कुचला
x
खुलासा

यूपी। आगरा में एक बेटे ने पिता के रहते मां के दूसरी शादी कर लेने का गुस्सा आठ साल तक पाला। मां के इस कदम को वह अपनी प्रतिष्ठा और साख के खिलाफ मानता रहा। फिर एक दिन उसने दोस्तों के साथ मिलकर मां की हत्या की साजिश रची। मां को बहाने से ले गया। इटावा के थाना बलरई और चित्राहाट थाने की सीमा पर बने खदिया पुल पर कार से कुचल-कुचलकर महिला की हत्या कर दी गई। बेटे और उसके दोस्तों ने मिलकर पूरी वारदात को अंजाम दिया। आगरा पुलिस ने इसका खुलासा कर दिया है। पुलिस ने रविवार को बताया कि महिला द्वारा दूसरी शादी किए जाने से नाराज बेटे ने ही प्रतिष्ठा और साख के चक्कर में अपनी मां की दोस्तों की मदद से कार से कुचल कर हत्या की थी। पुलिस ने बेटे और उसके दो दोस्तों को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात में प्रयुक्त कार, बाइक, तीन मोबाइल बरामद कर लिए हैं।

खादिया पुल पर 28 जुलाई को जैतपुर के बिट्ठौना गांव (हाल निवासी अशोक नगर, बाह) की महिला यशोदा देवी (उम्र 45 साल) का क्षत विक्षत शव पड़ा मिला था। मृतका के सिर और चेहरे पर चोट के निशान थे। रविवार को बलरई पुलिस ने महिला की हत्या का खुलासा कर दिया। यशोदा देवी के पति रामनिवास शर्मा ने खदिया पुल पर मिले शव को अपनी लापता पत्नी यशोदा देवी का बता कर हत्या का शक जताया था। एसओ बलरई दिवाकर सरोज ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में बाइक से महिला को ले जाता हुआ एक युवक दिखाई दिया था। उसकी पहचान जैतपुर के खुलियापुरा के कौशल शर्मा के रूप में हुई। पूछताछ में उसने बताया कि उसके पिता संजय शर्मा के जीवित रहते 7-8 साल पहले मां यशोदा देवी ने पड़ोस के गांव बिट्ठौना के रामनिवास शर्मा के साथ दूसरी शादी कर ली थी। तब से वह मां से नाराज था। उससे अलग अपने बाबा के पास रहता था।

सबक सिखाने के लिए यशोदा देवी को वह दवा दिलवाने के बहाने इटावा ले गया। कौशल शर्मा के अनुसार खदिया पुल पर उसने अपने दोस्त बुला लिए और उनकी कार में यशोदा देवी को बिठा दिया। वह बाइक से गाड़ी के पीछे चल रहा था। पुल पार होते ही कार से यशोदा देवी को नीचे गिरा दिया। इसके बाद उनके ऊपर कार चढ़ा दी। कार को आगे पीछे कर मां को कुचल दिया। मौत होने पर घर लौट गये। पुलिस ने कौशल शर्मा के बाद उसके दोस्त गढ़ी रम्पुरा के बाबी, कमतरी के रजत को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त कार, बाइक, तीन मोबाइल बरामद किए हैं। जबकि तीन आरोपी सतवीर, कबीर एवं सौरभ फरार हैं।

Next Story
null