भारत

दियोली-चलेट कॉज-वे पर थमे पहिए

Shantanu Roy
5 Aug 2026 5:18 PM IST
दियोली-चलेट कॉज-वे पर थमे पहिए
x
Daulatpur Chowk. दौलतपुर चौक। क्षेत्र में सोमवार सुबह हुई तेज बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया। कई स्थानों पर खड्डों और नालों का जलस्तर अचानक बढ़ गया, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। मवा कहोला -चलेट का खड्ड का एक हिस्सा पानी के तेज बहाब के चलते क्षतिग्रस्त हो गया है। जिससे वहां दुर्घटना की आशंका बन गई है। दौलतपुर चौक-गगरेट सडक़ मार्ग पर दियोली कॉज-वे के ऊपर तेज बहाव होने से वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही और वाहन चालकों को काफी देर तक पानी कम होने का इंतजार करना पड़ा।इसी तरह मवा-चलेट खड्ड पर बने कॉजवे के इलावा चलेट कॉज-वे पर भी पानी का तेज बहाव रहा, जिसके चलते सुरक्षा की दृष्टि से कुछ समय के लिए यातायात पूरी तरह रुक गया। देखते ही देखते कॉज-वे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और नौकरीपेशा लोगों, राहगीरों तथा अन्य यात्रियों को काफी
परेशानी झेलनी पड़ी।

वहीं दौलतपुर चौक-जोह मार्ग के अंतर्गत डंगोह खास में भी खड्ड के उफान पर होने के कारण वाहनों के पहिए थमे रहे। पानी के तेज बहाब के कारण मवा-कहोला-चलेट खड्ड पर बने कॉज-वे का एक हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया है। इससे दुर्घटना की आशंका बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अभी तक संबंधित विभाग की ओर से न तो कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया है और न ही सुरक्षा के अन्य प्रबंध किए गए हैं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों में चिंता बनी हुई है। स्थानीय निवासी अंबरीश कुमार, शौर्य ठाकुर, संजीव कुमार, अजय कुमार और रजनीश ने बताया कि हर वर्ष मानसून के दौरान यही स्थिति बन जाती है। जैसे ही खड्ड में जलस्तर बढ़ता है, चलेट और दियोली दोनों कॉज-वे पानी में डूब जाते हैं और दौलतपुर चौक-गगरेट मार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप हो जाता है। उनका कहना है कि वर्षों से इस समस्या का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन आज तक इसका कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया। उनका कहना है कि जब तक इन कॉज-वे पर स्थायी पुलों का निर्माण नहीं होता, तब तक राहत नहीं मिलेगी।
Next Story