भारत

खराब हो गई वेस्ट कनवर्टर मशीन, मरम्मत के ही लग जाएंगे दस लाख

Shantanu Roy
25 July 2026 3:46 PM IST
खराब हो गई वेस्ट कनवर्टर मशीन, मरम्मत के ही लग जाएंगे दस लाख
x
बिलासपुर। नगर परिषद बिलासपुर द्वारा लाखों रुपये की राशि खर्च कर खरीदी गई ऑर्गेनिक वेस्ट कनवर्टर मशीन रखे-रखे ही खराब हो गई है। इसका कारण इस मशीन को करीब चार साल बाद भी स्थायी ठिकाना नहीं मिलना है। हालांकि नगर परिषद की ओर से इस मशीन को स्थापित करने के लिए लगातार प्रयास भी किए जा रहे हैं, लेकिन यह प्रयास सफल नहीं हो पा रहे हैं, जिसका खामियाजा शहर के लोगों को भी भुगतना पड़ रहा है। अब जब यह मशीन खराब हो गई है तो उल्टा इस मशीन के मरम्मत कार्य के लिए करीब 10 लाख की राशि नगर परिषद को खर्च करनी पड़ेगी, लेकिन इस मशीन को सही समय पर स्थापित कर दिया गया होता तो आज जहां लोगों को कचरे से मुक्ति मिलनी थी, साथ ही यह लाखों की राशि भी मशीन के मरम्मत कार्य पर खर्च नहीं करनी पड़ती। नगर परिषद बिलासपुर द्वारा करीब चार साल पहले करीब 40 लाख की राशि खर्च कर ऑर्गेनिक वेस्ट कनवर्टर मशीन खरीदी गई थी। इस मशीन से शहर से निकलने वाला करीब दो टन गीला कचरा हर दिन ठिकाने लगाए जाने की योजना थी। सूखा कूड़ा सीमेंट उद्योग को भेजने की योजना थी। इस मशीन के माध्यम से खाद बनाने की भी योजना थी।
इससे आम जनता को भी लाभ मिलना था। बताया जा रहा है कि यह मशीन एक दिन में दो टन कूड़ा निगलेगी। कूड़ा क्रश होने के बाद एक क्रेट में जाएगा। इस क्रेट में यह कूड़ा सात दिन तक रहेगा। उसमें कल्चर डाला जाता रहेगा और दसवें दिन उसकी खाद तैयार होगी। बाकायदा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से क्वालिटी चैक करवाने के बाद इस खाद का मूल्य निर्धारित करवाने की भी योजना थी। लेकिन वर्तमान में सारी की सारी योजनाएं धरी की धरी ही रह गई हैं। अब यह मशीन की खराब हो गई है। बता दें कि बिलासपुर शहर के 11 वार्ड में हर दिन चार से चार टन कूड़ा निकलता है। शहर में डोर टू डोर कचरा एकत्रित करने की भी योजना है। डोर टू डोर कचरा भी एकत्रित किया जा रहा है। हालांकि इसका लाभ शहर की जनता को मिल रहा है। लेकिन नगर परिषद की ओर से जो योजना तैयार की गई थी, वह पूरी तरह से सिरे नहीं चढ़ पाई है। बताया जा रहा है कि साइट चिन्हित की गई है। नगर परिषद द्वारा ऑर्गेनिक वेस्ट मशीन के लिए साइट चिहिन्त कर ली गई है। लेकिन रोड की समस्या सामने आ रही है। इसके लिए जल शक्ति विभाग से आग्रह किया जाएगा। यदि रोड की सुविधा मिल जाती है तो आसानी से इस मशीन को साइट तक पहुंचाया जा सकता है। वहीं, मशीन के मरम्मत कार्य के लिए भी संबधित कंपनी से संपर्क किया गया है। प्रयास किए जा रहे हैं कि जल्द से जल्द इस मशीन स्थापित किया जाए।
Next Story