भारत

बालन डिपो दोबारा से खोलने को आवाज बुलंद

Shantanu Roy
4 April 2024 11:48 AM GMT
बालन डिपो दोबारा से खोलने को आवाज बुलंद
x
सिहुंता। हिमआंचल पेंशनर संघ की सिहुंता खंड इकाई की मासिक बैठक बुधवार को संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता इकाई प्रधान तिलक चंद डढवाल ने की। बैठक की शुरुआत में रिटायर्ड अध्यापक चमन सिंह के आकस्मिक निधन पर गहरा दुख प्रकट करने के साथ ही दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति हेतु प्रार्थना के साथ ही शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं प्रकट की गई। बैठक के दौरान कमल सिंह रणपतिया, धर्म सिंह, हरि सिंह व प्रदीप सिंह ने संघ की सदस्यता भी ग्रहण की।

बैठक में वक्ताओं ने छठे वेतन आयोग के लंबित एरियर की कुल 35 फीसदी तक अदायगी के लिए प्रदेश सरकार विशेषकर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू का आभार जताया। साथ ही डीए व वेतन निर्धारण की बकाया राशि के भी जल्द भुगतान की मांग की। वक्ताओं ने सिहुंता में पिछले बारह वर्षों से बंद वन निगम के बालन डिपो को दोबारा से खोलने की मांग भी उठाई ताकि शव दहन सहित अन्य कार्यों के लिए तहसील मुख्यालय में लकड़ी की उपलब्धता सुनिश्चित हो सके। बैठक में शशि महाजन, जन्म सिंधु, राजेंद्र राज, प्रभात सिंह, कृष्ण चंद, राजेंद्र राज, रमेश चंद, गिरधारी लाल व सतीश धीमान आदि मौजूद रहे।
Next Story