भारत

गांव वालों ने युवक और युवती को दी क्रूर सजा, गले में टायर डालकर नचवाया

Nilmani Pal
22 Sep 2021 2:39 PM GMT
गांव वालों ने युवक और युवती को दी क्रूर सजा, गले में टायर डालकर नचवाया
x
प्रेम प्रसंग

मध्य प्रदेश के धार जिले में प्यार की बेहद क्रूर सजा दिए जाने का मामला सामने आया है। प्यार के चलते घर छोड़कर जाने वाले युवक और युवती को जिले के कुंडी गांव में जमकर पीटा गया और फिर उनके गले में टायर डालकर नचवाया गया। इस घटना के सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की है और तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने 5 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया था, जिनमें से 3 को अरेस्ट कर लिया गया है। दो अन्य लोगों की तलाश जारी है। फिलहाल वे कार्रवाई के डर से गांव से ही भाग गए हैं।

कहा जा रहा है कि यह घटना 12 सितंबर की है। युवक और युवती के अलावा उन्हें भागने में मदद करने वाली एक नाबालिग लड़की को गांव के लोगों ने पकड़ लिया था। उनकी लड़की के परिवार वालों और गांव के लोगों ने जमकर पिटाई की थी। दरअसल लड़की 10 जुलाई को अपने प्रेमी के साथ गांव छोड़कर भागी थी। दोनों ही गुजरात चले गए थे और बेटी की गुमशुदगी की रिपोर्ट परिवार वालों ने पुलिस में दर्ज कराई थी। लेकिन जब दोनों करीब दो महीने के बाद गुजरात से वापस लौटे तो लड़की के परिजनों और गांव वालों ने उन्हें पकड़ लिया।

यही नहीं गांव के लोगों ने इन दोनों की मदद करने वाली एक लड़की को भी नहीं बख्शा। घटना की जानकारी मिलते ही पहुंची पुलिस ने पॉक्सो एक्ट और आईपीसी की विभिन्न धाराओं के तहत 5 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। धार के अडिशनल एसपी देवेंद्र पाटीदार ने कहा, 'लड़की के परिजन इस बात से बेहद गुस्से में थे कि वह भाग गई थी। उन्हें संदेह था कि दूसरी लड़की ने ही उनकी बेटी की मदद की है कि वह भाग जाए।' लड़की के परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने युवती के प्रेमी को भी गिरफ्तार कर लिया है।

Next Story