स्कूल के चपरासी का सांसद को अपशब्द कहते वीडियो वायरल, सस्पेंड

कानपुर। बिल्हौर के एक गांव के प्राथमिक विद्यालय में तैनात चपरासी ने 39 सेकेंड के ऑडियो में सांसद को 27 गालियां दीं। उसने सांसद ही नहीं उनके प्रतिनिधि समेत कई जनप्रतिनिधियों के लिए बेहद अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। ऑडियो वायरल होते ही राजनीतिक हलकों से प्रशासनिक गलियारों तक सनसनी मच गई है। आनन-फानन बीएसए ने चपरासी को सस्पेंड कर दिया है। उसे बीआरसी बिल्हौर से अटैच कर दिया है। पुलिस ने चपरासी की तलाश शुरू कर दी है। इस मामले में एक ग्राम प्रधान को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।
यह ऑडियो शुक्रवार देर शाम सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा। बताया जा रहा है कि यह कॉल रिकार्डिंग स्कूल चपरासी और एक जनप्रतिनिधि के बीच की है। पूरा ऑडियो 23:25 मिनट का है। इसमें चपरासी एक सांसद (कानपुर नहीं), उनके प्रतिनिधि समेत कई नेताओं के बारे में बात कर रहा है। जिस जन प्रतिनिधि से उसकी बात हो रही है, वह चपरासी को चरण स्पर्श बोलता है। कुछ देर तक चपरासी ने रवि नाम के किसी ठेकेदार के बारे में अभद्र बातचीत की फिर उसकी गालियों का निशाना सांसद बन गए। उसने जमकर गाली देने के बाद यह भी कहा कि वह मेरा कुछ नहीं बिगाड़ सकता है।
सांसद में दम है तो मुझे जेल भिजवाकर देखे। इस पर दूसरे छोर पर मौजूद जनप्रतिनिधि ठहाके लगाता है। ऑडियो में चपरासी ने जाति विशेष, अफसरशाही और न्यायपालिका को भी निशाना बनाया। पूरी बातचीत में वह एक विधायक के इशारे पर क्षेत्र की राजनीति चलने की बात कह रहा है। देर रात तक पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही है। उसके कुछ अन्य करीबी भी पुलिस ने पूछताछ के लिए उठा लिए हैं।





