भारत

उपराष्ट्रपति उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन आज दाखिल करेंगे नामांकन

Nilmani Pal
20 Aug 2025 7:23 AM IST
उपराष्ट्रपति उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन आज दाखिल करेंगे नामांकन
x

दिल्ली। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने महाराष्ट्र के राज्यपाल सी.पी. राधाकृष्णन को उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए अपना उम्मीदवार घोषित किया है. राधाकृष्णन 20 अगस्त को सुबह 11 बजे अपना नामांकन दाखिल करेंगे, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनके प्रस्तावक होंगे. यह जानकारी केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने दी. उपराष्ट्रपति पद के लिए चुनाव 9 सितंबर को संसद भवन में होगा और नतीजे इसी दिन रात तक घोषित होंगे.

सी.पी. राधाकृष्णन के नामांकन में पीएम मोदी के साथ-साथ एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्रियों और गठबंधन के करीब 160 सांसद शामिल होंगे, जिनमें 20 प्रस्तावक और 20 समर्थक होंगे. रिजिजू ने बताया कि मंगलवार को संसद भवन में आयोजित एनडीए संसदीय दल की बैठक में पीएम मोदी ने राधाकृष्णन को गठबंधन के सांसदों से मिलवाया और सर्वसम्मति से उनके समर्थन की अपील की.

तमिलनाडु के तिरुपुर में जन्मे हैं 68 वर्षीय सी.पी. राधाकृष्णन और चार दशक से अधिक समय से राजनीति में सक्रिय हैं. उन्होंने 1974 में भारतीय जनसंघ के साथ अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत की और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से भी जुड़े रहे. वह 1998 और 1999 में कोयंबटूर से लोकसभा सांसद चुने गए. इसके अलावा, वह तमिलनाडु बीजेपी के अध्यक्ष, झारखंड और तेलंगाना के राज्यपाल, और पुडुचेरी के उपराज्यपाल रह चुके हैं.

Next Story
null