भारत

मध्य प्रदेश में 1 मई से नहीं इस नई तारीख से शुरू हो सकता है 18+ के लिए टीकाकरण : शिवराज सिंह चौहान

Apurva Srivastav
29 April 2021 4:20 PM GMT
मध्य प्रदेश में 1 मई से नहीं इस नई तारीख से शुरू हो सकता है 18+ के लिए टीकाकरण : शिवराज सिंह चौहान
x
एक मई से देश में 18 साल से अधिक उम्र के लोगों का टीकाकरण किया जाना है।

एक मई से देश में 18 साल से अधिक उम्र के लोगों का टीकाकरण किया जाना है। हालांकि मध्य प्रदेश के लोगों को फिलहाल इसके लिए इंतजार करना पड़ेगा। इस बात की जानकारी एमपी के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने खुद दी है। उन्होंने कहा है कि भारत बायोटेक और SII दोनों कंपनियों से संपर्क के बाद पता चला है कि हमें एक मई को वैक्सीन डोज़ उपलब्ध नहीं हो पाएंगी।

शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि इस कारण से 1 मई से 18 साल से ज्यादा आयु के लोगों का टीकाकरण अभियान शुरू नहीं किया जा सकेगा। जैसे ही वैक्सीन प्राप्त होगी, टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने संभावनाएं जताई हैं कि 3 मई से टीकाकरण अभियान की शुरूआत हो सकती है। उन्होंने कहा है कि तीन मई के आस-पास मध्य प्रदेश को वैक्सीन प्राप्त होगी, उस हिसाब से टीकाकरण अभियान को अंतिम रूप दिया जाएगा। उन्होंने धैर्य रखने की आवश्यकता की बात कही है। साथ ही उन्होंने को निशुल्क वैक्सीन लगाने की बात दोहराई है।
कोरोना वायरस के संक्रमण के 12762 नए मामले, 95 लोगों की मौत
मध्य प्रदेश में बृहस्पतिवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 12762 नए मामले सामने आए और इसके साथ ही प्रदेश में इस वायरस से अब तक संक्रमित पाए गए लोगों की कुल संख्या 5,50,927 तक पहुंच गयी। राज्य में पिछले 24 घंटों में इस बीमारी से 95 और व्यक्तियों की मौत हुई है जिसके बाद महामारी से मरने वालों की संख्या 5,519 हो गयी है। यह जानकारी मध्यप्रदेश स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने दी है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में बृहस्पतिवार को कोविड-19 के 1789 नये मामले इंदौर में आये, जबकि भोपाल में 1811, ग्वालियर में 920 एवं जबलपुर में 741 नये मामले आये। अधिकारी ने बताया कि प्रदेश में कुल 5,50,927 संक्रमितों में से अब तक 4,53,331 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं और 92,077 मरीजों का इलाज विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है। उन्होंने कहा कि बृहस्पतिवार को 13363 रोगियों को ठीक होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।


Next Story