भारत

भारत पहुंचे अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो आज PM मोदी से मिलेंगे

Nil dhankar
23 May 2026 7:49 AM IST
भारत पहुंचे अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो आज PM मोदी से मिलेंगे
x

बंगाल। अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो अपने पहले आधिकारिक भारत दौरे पर शनिवार की सुबह-सुबह कोलकाता पहुंचे। भारत में अमेरिका के नवनियुक्त राजदूत सर्जियो गोर ने इस उच्च स्तरीय यात्रा की जानकारी दी है। रूबियो की भारत यात्रा को दोनों देशों के रिश्तों में सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस यात्रा से पिछले एक साल के दोनों देशों के रिश्तों में आई तल्खी दूर होने की उम्मीद है। साथ ही हिंद प्रशांत क्षेत्र की रणनीति के लिहाज से भी यह यात्रा अहम है क्योंकि इस दौरान क्वाड विदेश मंत्रियों की बहुप्रतीक्षित बैठक भी होगी। इससे क्वाड के भविष्य को लेकर चल रहा अटकलों का दौर भी खत्म हो जाएगा।

सर्जियो गोर ने एक्स पर लिखा, “विदेश मंत्री मार्को रुबियो कोलकाता पहुंच चुके हैं। यह उनकी पहली भारत यात्रा है। आज (शनिवार) हम नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे। अगले कुछ दिनों में व्यापार, तकनीक, रक्षा, क्वाड और कई अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करने और उन्हें आगे बढ़ाने के लिए बहुत कुछ है!”

कूटनीति के जानकारों का मानना है कि पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन के कार्यकाल में भारत-अमेरिका संबंधों के खराब होने का जो दौर शुरू हुआ है, वह ट्रंप के शासन में भी थमा नहीं। ट्रंप के सत्ता में आने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ऐसे पहले राष्ट्राध्यक्ष थे जिन्हें अमेरिका आने का निमंत्रण मिला और पिछले साल फरवरी में मोदी ने अमेरिका यात्रा की। इससे लगा कि रिश्तों में सुधार की शुरुआत हो रही है। लेकिन यह धारणा ज्यादा समय तक टिकी नहीं। उसके बाद से कई ऐसी घटनाएं हुई जिससे तल्खी बढ़ी।


Next Story