छत्तीसगढ़

रायपुर में आज आयोजित रोजगार मेले में ऑनलाइन जुड़ेंगे PM मोदी

Nilmani Pal
23 May 2026 7:39 AM IST
रायपुर में आज आयोजित रोजगार मेले में ऑनलाइन जुड़ेंगे PM मोदी
x

रायपुर/दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को 51 हजार से ज्यादा युवाओं को सरकारी नौकरी के अपॉइंटमेंट लेटर देंगे। यह 19वां रोजगार मेला होगा, जो सुबह 11 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए आयोजित किया जाएगा। इस दौरान प्रधानमंत्री युवाओं से बातचीत भी करेंगे।

सरकार का कहना है कि रोजगार मेला युवाओं को नौकरी देने की बड़ी योजना है। अब तक देशभर में 18 रोजगार मेले हो चुके हैं, जिनमें करीब 12 लाख युवाओं को अपॉइंटमेंट लेटर दिए जा चुके हैं। इस बार रोजगार मेला देश के 47 शहरों में आयोजित होगा। इसमें चुने गए युवाओं को रेलवे, गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य विभाग, वित्तीय सेवा और उच्च शिक्षा समेत कई सरकारी विभागों में नौकरी मिलेगी।

मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म X पर पोस्ट कर कहा कि सरकार युवाओं के बेहतर भविष्य और उन्हें मजबूत बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि रोजगार मेले से युवाओं को सरकारी नौकरी पाने का मौका मिल रहा है।

प्रधानमंत्री ने 22 अक्टूबर 2022 को रोजगार मेले का पहला फेज शुरू किया था। तब PM ने कहा था- हमारा लक्ष्य देश के युवाओं को 2023 के आखिर तक 10 लाख सरकारी नौकरियां देना था। लोकसभा चुनाव से पहले 12 फरवरी 2024 को 12वां रोजगार मेला आयोजित हुआ था, जिसमें सबसे ज्यादा 1 लाख जॉब लेटर बांटे गए थे। 11 लाख का आंकड़ा 2025 में पूरा हुआ था।

Next Story