भारत

भडयाल में लो क्वालिटी दूध पर हंगामा, चेकिंग टीम से धक्का मुक्की

Shantanu Roy
22 Jun 2026 5:20 PM IST
भडयाल में लो क्वालिटी दूध पर हंगामा, चेकिंग टीम से धक्का मुक्की
x
Nerchowk. नेरचौक। जिला मंडी के बल्ह क्षेत्र के तहत भडयाल दुग्ध सोसायटी में रविवार को उस समय माहौल बेहद तनावपूर्ण हो गया,जब रूटीन चैकिंग के दौरान दूध की गुणवत्ता सही नहीं पाई गई। मानकों पर खरा न उतरने के कारण जब प्रबंधन ने दूध लेने से मना किया, तो कुछ एक लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। इस दौरान चेकिंग टीम और कर्मचारियों के साथ धक्का-मुक्की की घटना भी सामने आई है। आक्रोशित लोगों ने विरोध स्वरूप मिल्क केंस में लाया गया सैकड़ों लीटर दूध सडक़ पर बहा दिया और सरकार के खिलाफ
नारेबाजी की गई।


चक्कर मिल्क प्लांट के यूनिट इंचार्ज विश्वकांत शर्मा ने बताया कि सरकार के निर्देशानुसार दूध की क्वालिटी को लेकर विभिन्न दुग्ध सोसाइटियों की जनरल चेकिंग की जा रही है। इसी कड़ी में शनिवार को कोटली में निरीक्षण के दौरान भी कम गुणवत्ता पाए जाने पर कुछ लोगों का दूध रिजेक्ट किया गया था। वहीं रविवार को बल्ह के भडयाल तथा मलवाना क्षेत्र में औचक जांच की गई। इस दौरान भडयाल सोसायटी में पहुंचे दूध की क्वालिटी बेहद कम पाई गई और वह तय पैरामीटर्स पर खरा नहीं उतरा। उपभोक्ताओं की सेहत का हवाला देते हुए जब अधिकारियों ने इस दूध को स्वीकार करने से इनकार किया, तो वहां मौजूद कुछ लोग भडक़ गए और दुग्ध कर्मचारियों पर दबाव बनाने के लिए हंगामा शुरू कर दिया।
Next Story