भारत

Upchunav: देहरा में डाक्टर ने शुरू की सर्जरी

Shantanu Roy
5 July 2024 11:26 AM GMT
Upchunav: देहरा में डाक्टर ने शुरू की सर्जरी
x
Dehra. देहरा। भाजपा हाईकमान द्वारा प्रदेश के तीन वरिष्ठ नेताओं को एक-एक विधानसभा क्षेत्र बांट देने के बाद तीनों ने अपने अपने प्रभार वाले हलकों में ताकत लगा दी है। इसी कड़ी में भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष डा. राजीव बिंदल ने देहरा में नाराज चल रहे कुनबे को भी एकजुट करके हर बूध पर सियासी फिल्डिंग सजा दी है। या यूं कहें कि डाक्टर बिंदल ने देहरा में सर्जरी शुरू कर दी है, तो अतिश्योक्ति नहीं होगी। डाक्टर साहब देहरा में एक भी गेंद बाहर न जाए, इस पॉलिसी पर काम कर रहे हैं। देहरा में चुनाव प्रचार को धार देते हुए श्री बिंदल ने भाजपा संगठन में नई जान फूंक दी है। सबके साथ समन्वय करते हुए डा. बिंदल ने गिले-शिकवे दूर कर हर कार्यकर्ता को जिम्मेदारी दे दी है। इससे माहौल बदलने लगा है। प्रदेशाध्यक्ष के निर्देशों पर देहरा भाजपा के नेता व कार्यकर्ता पार्टी प्रत्याशी होशियार सिंह की जीत
सुनिश्चित करने में जुट गए हैं।

उधर, देहरा विधानसभा उपचुनाव प्रभारी विपिन सिंह परमार भी कार्यकर्ताओं के साथ जगह-जगह बैठकें कर प्रदेश सरकार की जनविरोधी नीतियों को उजागर कर रहे हैं। डा. राजीव बिंदल और विपिन सिंह परमार वरिष्ठ नेता हैं, पार्टी को जहां भी जरूरत होती है, इन्हें तैनात कर दिया जाता है। इनके साथ कांगड़ा व चंबा जिला के कई नेता भी बूथ-बूथ पर सक्रियता से काम कर रहे हैं। इसके अलावा नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और हमीरपुर से सांसद अनुराग ठाकुर भी देहरा का दौरा करके चुनाव प्रचार कर रहे हैं। हालांकि कुछ समय पहले तक कुछ भाजपा कार्यकर्ता होशियार सिंह को प्रत्याशी बनाने से नाराज चल रहे थे, लेकिन डा. बिंदल द्वारा पिलाई गई एकजुटता की घुट्टी और एक साथ आगे बढऩे के संदेश ने नाराज कार्यकर्ताओं को भी साथ चलने को मजबूर कर दिया है। संगठन की एकजुटता के साथ ही चुनाव जीते जाते हैं, यही संदेश डा. बिंदल ने कार्यकर्ताओं को दिया है।
Next Story