भारत

यूपी-एमपी सहयोग सम्मेलन आज से

Nilmani Pal
31 March 2026 6:43 AM IST
यूपी-एमपी सहयोग सम्मेलन आज से
x

यूपी। उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के बीच आर्थिक इकोसिस्टम तैयार किया जाएगा। यूपी-एमपी सहयोग सम्मेलन 2026 में मंगलवार को दोनों राज्यों के उद्यमियों, निर्यातकों और शिल्पियों के बीच शुरुआत होगी। सम्मेलन का उद्घाटन मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे।

इस अवसर पर यूपी के औद्योगिक विकास मंत्री नंदगोपाल नंदी और एमएसएमई मंत्री राकेश सचान मौजूद रहेंगे। सम्मेलन में दोनों राज्यों की औद्योगिक क्षमताओं, बाजार की संभावनाओं, ओडीओपी, जीआई टैग के उत्पादों, कृषि उत्पादों, निवेश अवसरों और पर्यटन संभावनाओं पर संवाद होगा। पर्यटन क्षेत्र में राउंड टेबल कांफ्रेंस में वाराणसी, उज्जैन और चित्रकूट को जोड़ते हुए संयुक्त धार्मिक पर्यटन सर्किट विकसित करने पर मंथन किया जाएगा।

सम्मेलन स्थल पर मध्य प्रदेश के ओडीओपी उत्पादों, जीआई टैग वाले उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इससे उद्यमी उनकी खूबियों से परिचित होंगे। निवेश, औद्योगिक सहयोग और ओडीओपी आधारित अर्थव्यवस्था पर चर्चा होगी। दोनों राज्यों के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर होंगे। समझौते का मुख्य उद्देश्य औद्योगिक निवेश, कौशल विकास, हस्तशिल्प संवर्धन और पर्यटन क्षेत्र में सहयोग को बढ़ावा देना है।

सम्मेलन में संयुक्त रूप से शिल्प कार्यशाला होगी। इसमें मध्य प्रदेश के चंदेरी, महेश्वरी कला के शिल्पकारों और बनारसी सिल्क के कारीगरों के साथ साझा रूप से ब्रांडिंग, बाजार विस्तार और गंगा-नर्मदा क्राफ्ट कॉरिडोर की अवधारणा पर विमर्श होगा।


Next Story