भारत

केंद्रीय मंत्री पीयूष ने लता मंगेशकर के परिजनों तक पहुंचाया पीएम मोदी का संदेश, जानें कैसी है महान गाय‍िका की तबियत

Khushboo Dhruw
5 Feb 2022 5:33 PM GMT
केंद्रीय मंत्री पीयूष ने लता मंगेशकर के परिजनों तक पहुंचाया पीएम मोदी का संदेश, जानें कैसी है महान गाय‍िका की तबियत
x
पिछले 29 दिनों से मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल के आइसीयू में भर्ती स्वर कोकिला लता मंगेशकर की तबीयत एक बार फिर से बिगड़ गई है। उन्हें दोबारा वेंटिलेटर पर रखा गया है।

नई दिल्‍ली/मुंबई। पिछले 29 दिनों से मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल के आइसीयू में भर्ती स्वर कोकिला लता मंगेशकर की तबीयत एक बार फिर से बिगड़ गई है। उन्हें दोबारा वेंटिलेटर पर रखा गया है। समाचार एजेंसी पीटीआइ की रिपोर्ट के मुताबिक वह लगातार चिकित्सकों की निगरानी में हैं। इस बीच केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी का संदेश लेकर लता मंगेशकर के परिजनों से मुलाकात की। पीयूष गोयल ने ब्रीच कैंडी अस्पताल का भी दौरा किया जहां लता मंगेशकर भर्ती हैं।

ब्रीच कैंडी अस्पताल का दौरा करने के बाद केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने संवाददाताओं से बातचीत की। पीयूष गोयल ने बताया कि उन्‍होंने लता मंगेशकर के परिवार को प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी का संदेश दिया और कामना की कि महान गयि‍का जल्द ही ठीक हो जाएं।
केंद्रीय मंत्री ने कहा- मैं लता दीदी की तबीयत पूछने के लिए अस्पताल आया था। पूरा देश प्रार्थना कर रहा है कि लता दीदी जल्दी स्वस्थ हो जाएं। प्रधानमंत्री मोदी ने भी अपना शुभ संदेश भेजा है। हम सभी लता मंगेशकर जी के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं। वे जल्द स्वस्थ होकर घर लौटें...
वहीं मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में अपनी बहन लता मंगेशकर से मिलने के बाद गायिका आशा भोसले ने बताया कि डाक्‍टरों का कहना है कि वह अब स्थिर हैं।
लता मंगेशकर का इलाज कर रहे डाक्टर प्रतीत समदानी ने शनिवार को उनकी सेहत की जानकारी देते हुए बताया कि लता मंगेशकर फिलहाल आइसीयू में ही हैं। उनका इलाज चल रहा है। उन्हें अग्रेसिव थेरेपी दी जा रही है जो प्रोसीजर किए जा रहे हैं, उसे वह अच्छे से सहन कर पा रही हैं। लता मंगेशकर के परिवार की तरफ से फिलहाल उनकी सेहत को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की पत्नी रश्मि ठाकरे और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के प्रमुख राज ठाकरे उनकी सेहत की जानकारी लेने अस्पताल पहुंचे। मालूम हो कि आठ जनवरी को 92 वर्षीय लता मंगेशकर को कोरोना संक्रमित होने की वजह से अस्पताल में भर्ती किया गया था। उन्हें निमोनिया की भी शिकायत थी। 27 जनवरी को डाक्टरों ने उन्हें वेंटिलेटर से हटाकर भी देखा था। उनकी सेहत में सुधार भी हो रहा था।
कुछ दिन पहले ही लता मंगेशकर की सेहत को लेकर चल रही अफवाहों पर विराम लगाते हुए उनके ट्विटर हैंडल से परिवारवालों ने ट्वीट करके कहा था कि झूठी खबरों पर ध्यान न दें। उनकी सेहत में सुधार दिख रहा है। हम उनके शीघ्र स्वस्थ होने और घर वापसी की कामना करते हैं।
Next Story