केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज नार्को-कोऑर्डिनेशन सेंटर की अहम बैठक की करेंगे अध्यक्षता

दिल्ली। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 26 जून को नारको-कोऑर्डिनेशन सेंटर (NCORD) की 10वीं शीर्ष-स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इस दौरान नशीले पदार्थों पर नियंत्रण के लिए "विज़न डॉक्यूमेंट 2026-2029" जारी करेंगे। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) की ओर से आयोजित इस बैठक में 44 केंद्रीय मंत्रालयों और विभागों के प्रमुख अधिकारी शामिल होंगे। इनके साथ ही राज्य सरकारों और ड्रग कानून लागू करने वाली एजेंसियों के 108 प्रतिनिधि हाइब्रिड मोड में शामिल होंगे।
यह बैठक देश में नशीले पदार्थों की समस्या से निपटने के लिए सभी संबंधित पक्षों की ओर से किए गए सामूहिक प्रयासों की व्यापक समीक्षा और मूल्यांकन के लिए एक मंच प्रदान करेगी। इस चर्चा से हिस्सा लेने वाले राज्यों, विभागों और एजेंसियों को नशीले पदार्थों पर प्रभावी नियंत्रण का लक्ष्य हासिल करने की दिशा में नए जोश और प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ने में मदद मिलेगी। केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने जनवरी में हुई नारको-कोऑर्डिनेशन सेंटर की 9वीं शीर्ष-स्तरीय बैठक की भी अध्यक्षता की थी। उस समय अमित शाह ने कहा था कि नशे के खिलाफ लड़ाई में भारत सरकार के सभी विभागों को 2029 तक का रोडमैप और उस पर अमल के लिए समयबद्ध समीक्षा की पद्धति बनानी चाहिए।
अमित शाह ने कहा था कि यह चुनौती कानून-व्यवस्था से ज्यादा नारको-टेरर के प्रश्न से जुड़ी है और सबसे अधिक महत्वपूर्ण है कि यह एक प्रकार से देश की आने वाली नस्लों को बर्बाद करने का षड्यंत्र है। हमारे युवाओं के स्वास्थ्य, उनके सोचने और परफॉर्म करने की क्षमता और अपराध एक प्रकार से इस समस्या से ही जुड़े हैं।





