भारत

चाचा ने भतीजे को गोलियों से भूना, जमीन को लेकर चल रहा था विवाद

Nilmani Pal
8 Dec 2025 6:39 AM IST
चाचा ने भतीजे को गोलियों से भूना, जमीन को लेकर चल रहा था विवाद
x
पढ़े पूरी खबर

पंजाब। मोगा जिले में शनिवार सुबह जमीन विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया. यहां कैलिफोर्निया से लौटे 70 वर्षीय NRI बहादुर सिंह ने अपने भतीजे की गोली मारकर हत्या कर दी. पुलिस ने आरोपी को फरार होने से ठीक पहले गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के अनुसार बहादुर सिंह लंबे समय से अपने भतीजे नवदीप सिंह के साथ मांसीके गांव (निहाल सिंह वाला) में लगभग 30 एकड़ कृषि भूमि के विवाद में उलझा हुआ था. यह विवाद उनके भाई बलविंदर सिंह की दो साल पहले हुई मौत के बाद और बढ़ गया था.

शनिवार सुबह करीब 8 बजे नवदीप और उसकी पत्नी गुरप्रीत कौर विवादित खेत में पहुंचे, जहां बहादुर सिंह और उसकी पत्नी जोगिंदर कौर पहले से मौजूद थे और खेत जोत रहे थे. मौके पर शुरू हुआ विवाद अचानक हिंसक हो गया. पुलिस के मुताबिक, बहादुर सिंह ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर निकालकर नजदीक से फायर किया, जिससे नवदीप के सिर में गोली लगी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई. मृतक की उम्र 30 साल थी.

चश्मदीदों ने बताया कि आरोपी ने भागने से पहले गाड़ी से नवदीप के शव को कुचलने की कोशिश भी की, लेकिन असफल रहा. इसके बाद वह घर भागा, पासपोर्ट और नकदी इकट्ठा की और विदेश भागने की तैयारी में था. इसी दौरान ग्रामीणों और पुलिस ने उसे दबोच लिया. हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद कर लिया गया है. पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है. उधर, नवदीप की मौत से उसका परिवार बिखर गया है. वह अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों (सात साल की बेटी और पांच साल का बेटा) को छोड़ गया है.

पुलिस ने निहाल सिंह वाला थाने में आरोपी बहादुर सिंह और उसकी पत्नी जोगिंदर कौर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 (हत्या) और आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत FIR दर्ज की है.

Next Story
null