भारत

44.3 डिग्री तक पहुंचा ऊना का पारा

Shantanu Roy
30 May 2026 5:55 PM IST
44.3 डिग्री तक पहुंचा ऊना का पारा
x
Una. ऊना। जिला ऊना में गर्मी लगातार अपने तेवर दिखा रही है और इस सीजन अधिकतम पारा 44.3 डिग्री सेल्सियस तक रिकॉर्ड किया जा चुका है। शुक्रवार को तापमान में एकाएक 2.4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज होने से लोगों को तेज गर्मी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को जिला का अधिकतम तापमान 39.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं गुरुवार को अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20.5 डिग्री सेल्सियस था। तापमान में अचानक बढ़ोतरी से सुबह से ही गर्म हवाओं ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया। शुक्रवार सुबह से ही सूर्यदेव के तीखे तेवर देखने को मिले। दिन चढऩे के साथ ही गर्मी का असर बढ़ता गया और दोपहर तक सडक़ों पर लोगों की आवाजाही
कम हो गई।

बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर भी सामान्य दिनों की तुलना में कम भीड़ देखने को मिली। लोग जरूरी काम निपटाने के बाद जल्द घर लौटते नजर आए। दोपहर के समय गर्म हवाओं के थपेड़ों ने बाहर निकलना मुश्किल कर दिया। भीषण गर्मी का असर खेती-बाड़ी और कृषि कारोबार पर भी साफ दिखाई दे रहा है। खेतों में काम करने वाले किसानों को सुबह जल्दी और शाम ढलने के बाद ही काम करना पड़ रहा है। कई किसानों का कहना है कि लंबे समय से बारिश नहीं होने और लगातार बढ़ते तापमान की वजह से मिट्टी में नमी कम हो रही है। इससे फसलों की बढ़वार प्रभावित हो रही है और सिंचाई की जरूरत बढ़ गई है। मौसम के इसी उतार-चढ़ाव के बीच अब लोगों की निगाहें बारिश पर टिकी हुई हैं। लोगों को उम्मीद है कि जल्द अच्छी बारिश होने से गर्मी से राहत मिलेगी और मौसम सुहावना बनेगा।
Next Story