भारत

अंपायर की मौत, मधुमक्खियों के हमले से क्रिकेट मैदान में मची अफरा-तफरी

Nilmani Pal
19 Feb 2026 7:27 AM IST
अंपायर की मौत, मधुमक्खियों के हमले से क्रिकेट मैदान में मची अफरा-तफरी
x
पढ़े पूरी खबर

यूपी। उन्नाव जिले में क्रिकेट मैच के दौरान मधुमक्खियों के हमले से अफरा-तफरी मच गई. गंगाघाट नगर पालिका परिषद क्षेत्र स्थित सप्रू क्रिकेट स्टेडियम में ड्रिंक ब्रेक के दौरान अचानक मधुमक्खियों का झुंड मैदान में आ गया और खिलाड़ियों व अंपायरों पर हमला कर दिया. इस घटना में कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन के वरिष्ठ अंपायर माणिक गुप्ता गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई.

जानकारी के मुताबिक सप्रू स्टेडियम में YMCC और पैरामाउंट टीमों के बीच मैच चल रहा था. पहली पारी खत्म होने के बाद दूसरी पारी शुरू हो चुकी थी और कुछ ओवर बाद ड्रिंक ब्रेक लिया गया था. इसी दौरान अचानक मधुमक्खियों का झुंड मैदान में पहुंच गया. मधुमक्खियों से बचने के लिए खिलाड़ी और अंपायर जमीन पर लेट गए, लेकिन हमला जारी रहा और कई लोगों को डंक लगने से चोटें आईं.

प्रत्यक्षदर्शी और सह-अंपायर सुनील कुमार निषाद ने बताया कि हमला अचानक हुआ और मैदान में मौजूद लगभग सभी खिलाड़ी व अंपायर मधुमक्खियों का शिकार हुए. घायल अंपायर माणिक गुप्ता को पहले शुक्लागंज के अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें कानपुर रेफर किया गया. बाद में उन्हें हैलट अस्पताल भेजा गया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया. माणिक गुप्ता कानपुर के फीलखाना क्षेत्र के निवासी थे और लंबे समय से क्रिकेट अंपायरिंग से जुड़े हुए थे. घटना के बाद खिलाड़ियों और दर्शकों में दहशत का माहौल बन गया. स्थानीय लोगों का कहना है कि मैदान के आसपास सुरक्षा और प्रबंधन के इंतजामों की समीक्षा जरूरी है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके. वहीं अंपायर की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और क्रिकेट जगत में शोक की लहर है.

Next Story
null