भारत
कबूतरों से ड्रोन जैसी अफवाह फैलाने वाले दो युवक गिरफ्तार, पुलिस कर रही पूछताछ
Shantanu Roy
30 July 2025 6:01 PM IST

x
बड़ी खबर
Muzaffarnagar. मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर पुलिस ने एक अजीबो-गरीब और हैरान कर देने वाले मामले का खुलासा करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है, जो कबूतरों को "ड्रोन" बताकर दहशत फैलाने की कोशिश कर रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शोएब और शाकिर के रूप में हुई है। दोनों को दो कबूतरों के साथ पकड़ा गया है, जिनके पैरों में लाल और हरी रंग की लाइटें बांधी गई थीं। पुलिस के अनुसार, बीते कुछ दिनों से स्थानीय निवासियों द्वारा रात के समय आसमान में उड़ती हुई लाइट्स देखने की शिकायतें आ रही थीं।
यूपी : मुजफ्फरनगर पुलिस ने ऐसे दो शख्स पकड़े हैं, जो कबूतरों के पैर में लाल–हरी लाइट बांधकर उन्हें रात में उड़ाते थे और ड्रोन का शोर मचवाते थे। शोएब और शाकिर से 2 कबूतर भी मिले हैं। pic.twitter.com/KNIz72aTPT
— Sachin Gupta (@SachinGuptaUP) July 30, 2025
लोगों ने आशंका जताई थी कि यह ड्रोन हो सकता है, जो क्षेत्र में किसी खुफिया गतिविधि का संकेत दे रहा है। सोशल मीडिया पर भी इन 'ड्रोन जैसी उड़ती वस्तुओं' को लेकर चर्चा गर्म थी, जिससे लोगों में भय का माहौल बनता जा रहा था। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (एसपी) अभिषेक यादव ने एक विशेष टीम का गठन कर जांच के आदेश दिए। जांच के दौरान सुराग मिलने पर पुलिस ने शोएब और शाकिर को हिरासत में लिया और जब उनसे पूछताछ की गई, तो उन्होंने स्वीकार किया कि उन्होंने मज़ाक और सनसनी फैलाने की नीयत से कबूतरों के पैरों में LED लाइट्स बांधकर उन्हें रात में उड़ाया था।
पुलिस ने दोनों कबूतरों को भी जब्त कर लिया है, जिनके पैरों में हरी और लाल रंग की लाइटें टेप से चिपकाई गई थीं। प्रारंभिक पूछताछ में यह सामने आया है कि आरोपियों ने यह हरकत सिर्फ मज़ाक के तौर पर शुरू की थी, लेकिन धीरे-धीरे इसका प्रभाव बढ़ने लगा और पूरे इलाके में अफवाहों का बाजार गर्म हो गया। मुजफ्फरनगर पुलिस ने बताया कि यह कार्य न केवल सामाजिक शांति भंग करने वाला है, बल्कि सुरक्षा एजेंसियों के लिए भी एक भ्रम की स्थिति उत्पन्न कर सकता था। आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है और उनसे गहराई से पूछताछ की जा रही है कि कहीं उनके पीछे कोई और उद्देश्य या समूह तो नहीं है।
Next Story





