भारत
पुलिस पर रिश्वत की शिकायत करना पड़ा भारी, SI ने युवक को बेरहमी से पीटा
Shantanu Roy
30 July 2025 3:07 PM IST

x
देखें VIDEO...
Mathura. मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले से मानवाधिकारों को झकझोर देने वाली एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। आरोप है कि गोवर्धन थाना क्षेत्र के एक गरीब किसान के बेटे को, पुलिस पर रिश्वत लेने की शिकायत करना इतना महंगा पड़ा कि उसे थाने में बुलाकर बेरहमी से पीटा गया। पीड़ित युवक का कसूर सिर्फ इतना था कि उसने उत्तर प्रदेश सरकार के जनसुनवाई पोर्टल पर पुलिस की कथित रिश्वतखोरी की शिकायत दर्ज कराई थी।
मथुरा में गरीब किसान के बेटे को गोवर्धन थाना के SI- कपिल नागर ने चौकी बुलाकर बुरी तरह मारा। अंडकोष में लातें मारीं। आप लड़के की चीखें सुन सकते हैं।
— Shyam Meera Singh (@ShyamMeeraSingh) July 29, 2025
गुनाह- योगी के पोर्टल पर पुलिस द्वारा रिश्वत मांगने की शिकायत करना।
—@myogiadityanath @Uppolice @mathurapolice @dmmathura7512 pic.twitter.com/wKOcFwMRPX
पीड़ित परिवार के मुताबिक, गोवर्धन थाना क्षेत्र के सब-इंस्पेक्टर (SI) कपिल नागर ने युवक को थाने बुलाया और फिर उसे चौकी में बंद कर दिया। आरोप है कि वहां उसे न सिर्फ गालियां दी गईं, बल्कि उसके अंडकोष पर लातें मारी गईं और बुरी तरह से शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया। वायरल हो रहे एक वीडियो में युवक की चीखें सुनी जा सकती हैं, जिससे पुलिस की बर्बरता की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है। पीड़ित युवक के परिजनों का कहना है कि उन्होंने पुलिस से इंसाफ की मांग की, लेकिन थाने पर मौजूद अन्य अधिकारी भी मौन बने रहे। युवक को बुरी तरह घायल अवस्था में अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है। सामाजिक संगठनों और मानवाधिकार कार्यकर्ताओं ने इस मामले की कड़ी निंदा करते हुए कहा है कि जब शिकायतकर्ता को ही प्रताड़ित किया जाएगा, तो लोग न्याय के लिए कहां जाएंगे? इस मामले को लेकर अब प्रदेश सरकार पर भी सवाल उठ रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा स्थापित जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत करने वाले को प्रताड़ित किया जाना शासन की नीतियों और पुलिस व्यवस्था की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े करता है। फिलहाल पीड़ित परिवार ने न्याय की मांग करते हुए उच्चस्तरीय जांच की अपील की है। वहीं, प्रशासन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
Next Story





