भारत

आकाशीय बिजली गिरने से दो लोगों की मौत, एक महिला घायल

Admin4
2 March 2024 9:12 AM GMT
आकाशीय बिजली गिरने से दो लोगों की मौत, एक महिला घायल
x
आगरा। पिछले 24 घंटे से रुक-रुककर हो रही तेज बारिश और हवाओं के चलते अचानक मौसम में फिर से सर्दी बढ़ा दी। तेज बारिश और तेज हवाओं से आलू और सरसों की फसल में भारी नुकसान होने की संभावना जताई जा रही है। ब्रज के अलग-अलग जिलों में एटा मैनपुरी और फिरोजाबाद में आकाशीय बिजली गिरने के भी मामले सामने आए हैं।
एटा जनपद के अलीगंज थाना क्षेत्र के झकरई गांव में एक महिला के ऊपर बिजली गिर गई। इस हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई है। महिला के ऊपर बिजली गिरने की खबर के बाद जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी अलीगंज को निर्देशित किया है। मामले में उप जिलाधिकारी अलीगंज का कहना है कि महिला की मृत्यु की सूचना के बाद लेखपाल व अन्य राजस्व अधिकारी मौके पर भेजे गए। महिला के सब का पंचनामा भरवा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा, प्रशासनिक स्तर पर अग्रिम कार्रवाई भी इस संदर्भ में की जा रही है।
मैनपुरी जनपद के कुरावली थाना क्षेत्र के मोहल्ला सुजरई में भी आकाशीय बिजली गिरने से एक 15 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक अंशुल पुत्र धर्म सिंह उम्र 15 वर्ष बादलों की गड़गड़ाहट सुनकर, बाहर खुले में बंधी अपनी भैंस को वहां से हटाकर दूसरी जगह बांधने के लिए गया था, इसी दौरान तेज आवाज के साथ आकाशीय बिजली कड़की और उसके ऊपर गिर गई। घायल किशोर को परिजन तुरंत अस्पताल ले गए, जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। किशोर के मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
वहीं जनपद फिरोजाबाद के फरिहा थाना क्षेत्र के गांव नगला कुम्हार में एक घर के ऊपर आकाशीय बिजली गिर गई। इस हादसे में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और घर के लेटर में छेद होने के साथ-साथ लेटर के आगे निकल छज्जा भर भरा कर गिर गया। हादसे के बाद परिजनों ने गंभीर रूप से घायल महिला को एक निजी अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया है।
Next Story