भारत

टाइम बम होने की अफवाह फैलाई ट्रेन में, दो सगे भाई गिरफ्तार

Nilmani Pal
18 Oct 2025 6:54 AM IST
टाइम बम होने की अफवाह फैलाई ट्रेन में, दो सगे भाई गिरफ्तार
x
पढ़े पूरी खबर

यूपी। कानपुर में सीट को लेकर झगड़ा हुआ तो दो भाइयों ने कंट्रोल रूम को ट्रेन में टाइम बम की झूठी सूचना दे दी। बम लगाने वालों के कपड़ों का रंग और हुलिया वही बताया, जिनसे झगड़ा हुआ था। सेंट्रल पर ट्रेन 45 मिनट रोक खंगाली गई। पता चला कि दो भाइयों ने यह झूठी सूचना दी थी। उन्हें गिरफ्तार किया गया है। अमृतसर से कटिहार जाने वाली 15708 आम्रपाली (अमृतसर-कटिहार) एक्सप्रेस के जनरल कोच में सफर करे रहे राहा, घाटमपुर निवासी भाइयों ने रेलवे के 139 पर सूचना दी थी कि कूपे में शीशे के पास काले कपड़े पहने खड़े तीन लोगों ने ट्रेन में टाइम बम लगा दिया है। यह कभी भी फट सकता है। सूचना दी कि काली ड्रेस पहने 12 आतंकी घुस आए हैं जो ब्लास्ट कर सकते हैं। रेलवे कंट्रोल की सूचना पर आरपीएफ, जीआरपी सक्रिय हुई। पुलिस कमिश्नरेट को सूचना दी गई। एलआईयू, बम निरोधक दस्ता, एसीपी कैंट आकांक्षा पांडेय, रेल बाजार पुलिस पहुंची। इधर, आरोपित भाइयों ने कानपुर उतरने के बाद मोबाइल खोले तो पुलिस ने सर्विलांस से लोकेशन ट्रेस कर फेथफुलगंज इलाके से गिरफ्तार कर लिया। न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि उसी कूपे में सीट पर बैठने को लेकर विवाद हुआ था तो बड़े भाई दीपक चौहान ने फंसाने को सूचना दी थी। दीपक चौहान जयपुर में और उसका भाई अंकित चौहान चंडीगढ़ में प्राइवेट नौकरी करते हैं। दोनों जनरल कूप में दिल्ली से सवार हुए थे।

अलीगढ़ से ट्रेन चलते ही दोनों भाइयों का काले कपड़े पहने व्यक्ति से विवाद हुआ तो उस व्यक्ति के समर्थन में दो और लोग आ गए। इस खुन्नस के चलते भाई ने टॉयलेट के पास जाकर बीती रात लगभग सवा ग्यारह बजे जब ट्रेन इटावा से निकल चुकी थी तो रेलवे हेल्पलाइन नंबर-139 पर उन यात्रियों का हुलिया और कपड़े बताकर सूचना दे दी। फिर मोबाइल बंद कर लिया। सेंट्रल पर रात लगभग साढ़े बारह बजे ट्रेन आई तो दोनों पीछे के दरवाजे से जल्दी उतर कर बाहर चले गए। इधर ट्रेन की तलाशी शुरू हुई।

इधर जिस नंबर से फोन हुआ था, उस नंबर की सर्विलांस से लोकेशन चेक हुई तो कभी खपरा मोहाल तो कभी रेलबाजार तो कभी फेथफुलगंज लोकेशन मिलती रही। जीआरपी प्रभारी ओएन सिंह, आरपीएफ प्रभारी एसएन पाटीदार, एसीपी एलआईयू, आरपीएफ के सहायक सुरक्षा आयुक्त विवेक वर्मा की अगुवाई में चेकिंग हुई। रात लगभग 12.20 बजे से एक बजे तक में तीन बार चेकिंग हुई तो कुछ न मिला तो नरकटियागंज, देवरिया औऱ सिद्धार्थनगर निवासी तीनों यात्रियों को छोड़ने के साथ ही ट्रेन को रवाना किया गया। तड़के दोनों भाइयों को गिरफ्तार करने के बाद झूठी अफवाह फैला आमजन और सरकारी अमले को परेशान करने की धाराओं में मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया।


Next Story
null