
यूपी। फिरोजाबाद में तेज आंधी और बारिश ने कहर ढा दिया। सोमवार शाम फरिहा में एक नीम का पेड़ ई रिक्शा पर गिर पड़ा। इससे पांच लोगों की मौत हो गई। एक महिला और बच्चा घायल हैं। उन्हें अवागढ़ स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है। हादसे के बाद मार्ग पर करीब दो घंटे जाम लगा रहा। ग्रामीणों ने कटर से पेड़ काटकर लोगों को ई-रिक्शा से निकाला।
चिढ़रई के पास तेज आंधी व बरसात के दौरान शाम करीब साढ़े छह बजे एक बड़ा नीम का पेड़ जड़ सहित टूटकर ई-रिक्शा और एक बाइक पर गिर पड़ा। एक ई रिक्शा पर आठ लोग सवार थे। पेड़ गिरते ही चीख पुकार मच गई। ई-रिक्शा के अंदर ही सभी फंस गए। आसपास के लोगों ने पुलिस को जानकारी दी और खुद ई-रिक्शा सवारों को निकालने में जुट गए। शाखाएं हटाने के लिए कटर भी ले आए। किसी तरह पेड़ काटकर सवारों को बाहर निकाला। तब तक पांच लोगों की मौत हो चुकी थी। महिला व बच्चे को गंभीर हालत में अवागढ़ भेजा। मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी राजीव कुमार, एसओ एका संजुल पांडे ने एंबुलेंस से शवों को अस्पताल भिजवाया। भीषण हादसे की जानकारी मिलते ही डीएम संतोष कुमार शर्मा व एसएसपी आदित्य लांग्हे ने भी मौके पर पहुंचे। डीएम ने मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये आर्थिक मदद की घोषणा की है।
पेड़ हटाने के लिए जेसीबी की भी मदद ली गई। लेकिन इससे भी लाभ न मिलने पर ग्रामीणों ने घर से कटर मंगाए। कटर लेने ग्रामीण दौड़े तथा कुछ ही देर में यहां पर जिदंगी बचाने की जद्दोजहद पेड़ को काटने के रूप में सामने आई। किसी के हाथ में कटर था तो किसी के हाथ में आरी। ग्रामीणों ने पेड़ की डाल एवं टहनियों को अलग कर किसी तरह से पेड़ के नीचे फंसे हुए ई-रिक्शा में सवार लोगों तक पहुंच बनाई और उन्हें निकालना शुरू किया।
हरेशपाल (50) पुत्र साठी निवासी फरिहा
विष्णु (16) पुत्र रामप्रकाश निवासी फरिहा
गजेंद्र (28) पुत्र ऐदल निवासी फरिहा
अमन (17) पुत्र दिनेश निवासी नगला मंदा सकरौली एटा
गंगा सिंह (65) पुत्र बेचाराम निवास आनंद पुर अवागढ़ एटा





