चुनाव आयोग के अभियान के विरोध में ट्रेनें रोकी गईं, सड़कों में चक्का जाम भी

बिहार। चुनाव आयोग की ओर से बिहार में चलाए जा रहे स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) अभियान के खिलाफ आज महागठबंधन ने राज्यव्यापी चक्का जाम का ऐलान किया है. इस विरोध प्रदर्शन में राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी), कांग्रेस, वाम दल, वीआईपी पार्टी और जन अधिकार पार्टी (पप्पू यादव) सहित महागठबंधन के सभी घटक दल शामिल हैं. कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज पटना पहुंचेंगे और तेजस्वी यादव के साथ मिलकर इनकम टैक्स गोलंबर से निर्वाचन कार्यालय तक मार्च करेंगे.
चक्का जाम के दौरान आरजेडी कार्यकर्ताओं ने गांधी सेतु पुल को बंद कर दिया है. यह पुल पटना से हाजीपुर, दरभंगा और पुर्णिय जैसे शहरों तक पहुंचने के लिए काफी अहम है. इस पुल के बंद होने से पटना से इन शहरों में जाने वाले लोगों की मुश्किलें बढ़ सकती है.कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पटना के लिए रवाना हो रहे हैं. वह फ्लाइट लेने के लिए दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचे हैं.
पटना के मनेर में RJD कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय राजमार्ग 30 को बाधित कर दिया है. यहां वे आगजनी कर रहे हैं. वे चुनाव आयोग और भारत सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी कर रहे हैं.बिहार बंद के समर्थन में जहानाबाद के कोर्ट स्टेशन पर प्रदर्शनकारियों ने पटना-गया रेल को रोक दिया.





