1 करोड़ 22 लाख कैश के साथ ट्रेन यात्री गिरफ्तार, हवाला रकम बताया जा रहा

हैदराबाद। मुंबई से हैदराबाद जा रही देवगिरी एक्सप्रेस में एक ऐसा यात्री सफर कर रहा था, जिसके बैग में कपड़े नहीं, बल्कि करोड़ों रुपये भरे थे. लेकिन हैदराबाद पहुंचने से पहले ही सरकारी रेलवे पुलिस (GRP) और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की नजर उस पर पड़ गई. पूछताछ हुई तो पूरा मामला हवाला कारोबार से जुड़ा निकला. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से 1 करोड़ 22 लाख 70 हजार रुपये कैश बरामद किए हैं.
₹1.22 Crore suspected Hawala Cash was seized from a passenger on Devagiri Express in Secunderabad by the Railway Police and Railway Protection Force. He was travelling from Mumbai to Hyderabad.
— Uma Sudhir (@umasudhir) May 28, 2026
During inspection, he failed to produce valid documents explaining the source or… pic.twitter.com/qLym9FjiRk
एजेंसी के अनुसार, यह मामला मंगलवार का है. सिकंदराबाद रेलवे पुलिस और आरपीएफ की टीम बोलारम और मलकाजगिरि रेलवे स्टेशनों के बीच चेकिंग कर रही थी. इसी दौरान एक 40 साल का व्यक्ति संदिग्ध हालत में बैग लेकर जाता दिखा. पुलिस को उसकी हरकतें अजीब लगीं तो उसे रोककर पूछताछ शुरू की गई.
पूछताछ में पता चला कि आरोपी महाराष्ट्र के अमरावती जिले का रहने वाला है. उसने पुलिस को बताया कि मुंबई के एक ज्वेलरी कारोबारी ने उसे ये कैश सौंपा था. उसका काम सिर्फ इतना था कि देवगिरी एक्सप्रेस से सिकंदराबाद पहुंचे और वहां मोंडा मार्केट इलाके में मौजूद एक ज्वेलरी कारोबारी को रकम दे दे. करोड़ों रुपये पहुंचाने के बदले उसे 5 हजार रुपये मिलने वाले थे. पुलिस के मुताबिक, आरोपी कैश से जुड़े कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा पाया. ना कैश का हिसाब, ना कोई बिल और ना ही कैश के सोर्स को लेकर संतोषजनक जवाब. इसके बाद पूरी रकम जब्त कर ली गई. शुरुआती जांच में मामला हवाला कारोबार से जुड़ा माना जा रहा है.
अब पुलिस ये पता लगाने में जुटी है कि आखिर मुंबई और हैदराबाद के बीच ये हवाला नेटवर्क कितने बड़े स्तर पर काम कर रहा था. ज्वेलरी कारोबार की आड़ में करोड़ों रुपये इधर से उधर भेजे जा रहे थे या नहीं, इसकी भी जांच हो रही है. रेलवे पुलिस का कहना है कि हाल के दिनों में ट्रेनों के जरिए हवाला और अवैध कैश ट्रांसपोर्ट के मामले बढ़े हैं. यही वजह है कि रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में लगातार चेकिंग अभियान चलाए जा रहे हैं. फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े बाकी लोगों की तलाश कर रही है.





