ट्रैक्टर चालक का मर्डर, शराब पीने पैसे नहीं मिलने पर चौकीदार ने उतारा मौत के घाट

यूपी। शाहजहांपुर जिले में मिट्टी खनन को लेकर विवाद हो गया। मदनापुर थाना क्षेत्र के बंधा गांव में मिट्टी खनन को लेकर हुए विवाद में 18 वर्षीय ट्रैक्टर चालक शोभित पाल की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि गांव के चौकीदार और उसके साथियों ने पहले शराब पीने के लिए रुपये मांगे और अपने घर मिट्टी डलवाने का दबाव बनाया। इंकार करने पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। गंभीर हालत में सीएचसी ले जाए गए चालक को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
परिजनों के मुताबिक शोभित गांव के ही एक ट्रैक्टर से वीरपाल के खेत में मिट्टी लेने गया था। खनन का काम चल ही रहा था कि गांव का चौकीदार जौहरी पुत्र बद्री अपने साथ उदयवीर, बलबीर और शिवजी को लेकर वहां पहुंच गया। आरोप है कि जौहरी ने ट्रैक्टर चालक से कहा कि उसके घर दो ट्रॉली मिट्टी डाली जाए और शराब पीने के लिए रुपये दिए जाएं। शोभित ने यह कहकर मना कर दिया कि वह खेत मालिक के कहने पर मिट्टी लेने आया है और बिना अनुमति कहीं और मिट्टी नहीं डाल सकता। इसी बात पर विवाद बढ़ गया।
परिजनों का आरोप है कि आरोपियों ने लाठी-डंडों से शोभित पर हमला कर दिया। मारपीट इतनी बेरहमी से की गई कि वह मौके पर ही गिर पड़ा। दूसरे ट्रैक्टर चालक अरुण शर्मा ने बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन हमलावरों के आक्रामक रवैये को देखकर जान बचाने के लिए वहां से भाग निकला। अरुण के शोर मचाने पर उसका चाचा श्यामबरन मौके पर पहुंचा, तब तक शोभित गंभीर रूप से घायल हो चुका था। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल शोभित को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर फैलते ही गांव में भीड़ जमा हो गई और तनाव की स्थिति बन गई। पुलिस टीम ने पहुंचकर हालात को संभाला और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।





