भारत

पर्यटन का धमाका धर्मशाला-मकलोडगंज में सैलानी ही सैलानी

Shantanu Roy
6 July 2026 5:40 PM IST
पर्यटन का धमाका धर्मशाला-मकलोडगंज में सैलानी ही सैलानी
x
Hospice. धर्मशाला। पर्यटन राजधानी कांगड़ा की पर्यटन नगरी धर्मशाला-मकलोडगंज सहित जिला के अन्य पर्यटन स्थलों पर इस वर्ष समर सीजन के दौरान पर्यटकों की आमद में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है। देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटकों के पहुंचने से पर्यटन कारोबार को नई गति मिली है। खासकर विदेशी पर्यटकों की संख्या में पिछले वर्ष की तुलना में दोगुना से अधिक अच्छा इजाफा देखने को मिला है। प्रंचड गर्मी के माह अप्रैल में जिला कांगड़ा में करीब 85 हजार घरेलू और चार हज़ार 500 विदेशी पर्यटक पहुंचे। पिछले वर्ष 2025 में अप्रैल माह में जिले में मात्र दो हज़ार 662 विदेशी पर्यटकों का आगमन हुआ था, जबकि इस वर्ष यह संख्या बढक़र 4500
पहुंच गई है।

इससे जिले में पर्यटन गतिविधियों के लगातार विस्तार का संकेत मिलता है। समर सीजन के दौरान धर्मशाला, मकलोडगंज, भागसूनाग, धर्मकोट, नड्डी, खनियारा, खड़ौता, पालमपुर और बीड़-बिलिंग में पर्यटकों की सबसे अधिक आवाजाही रही। अप्रैल और मई के दौरान पर्यटन कारोबार पर समर सीजन का सकारात्मक असर साफ तौर पर देखने को मिला। पर्यटन विभाग कांगड़ा के जिला पर्यटन अधिकारी विनय धीमान ने कहा कि जिले में स्पोटर्स टूरिज्म भी पर्यटन को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभा रहा है। विशेष रूप से पैराग्लाइडिंग के लिए दुनिया भर से पायलट और एडवेंचर प्रेमी बीड़-बिलिंग पहुंचते हैं, जिससे विदेशी पर्यटकों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले महीनों में भी जिले में पर्यटकों की आमद बनी रहेगी, जिससे पर्यटन कारोबार और होटल उद्योग को और मजबूती मिलेगी। विश्व प्रसिद्ध ट्रैकिंग साइट त्रियूंड, धौलाधार इंद्रहारा पास, खड़ौता के ठठारना, राइजिंग स्टार हिल, आदि हिमानी चामुंडा, गुणाा माता मंदिर सहित अन्य भी पर्यटकों को अपनी ओर खींच रहे हैं।
Next Story