भारत

आज सीएम योगी झांसी में बिताएंगे 21 घंटे, परियोजनाओं का करेंगे लोकार्पण व शिलान्यास

Kunti Dhruw
9 March 2021 1:58 AM GMT
आज सीएम योगी झांसी में बिताएंगे 21 घंटे, परियोजनाओं का करेंगे लोकार्पण व शिलान्यास
x
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने दो दिवसीय बुंदेलखंड दौरे के दौरान मंगलवार को झांसी आएंगे।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने दो दिवसीय बुंदेलखंड दौरे के दौरान मंगलवार को झांसी आएंगे। दो दिनों के दरम्यान वे क्षेत्र के छह जनपदों का दौरा करेंगे। लेकिन, सबसे ज्यादा समय 21 घंटे झांसी में बिताएंगे। रात्रि विश्राम के बाद अगले दिन बुधवार की सुबह वे यहां से प्रस्थान करेंगे।

मुख्यमंत्री सबसे पहले सुबह 9.50 बजे जालौन पहुंचेंगे। यहां आधा घंटे रुकने के बाद ललितपुर के लिए प्रस्थान कर जाएंगे। सुबह 11 बजे ललितपुर पहुंचकर वे बंडई बांध परियोजना का लोकार्पण करेंगे। ललितपुर में वे 40 मिनट रुकेंगे। इसके बाद वे दोपहर 12.05 बजे झांसी के राजकीय इंटर कॉलेज पहुंच जाएंगे। सबसे ज्यादा समय उनका झांसी में गुजरेगा। जीआईसी में वे जनसभा को संबोधित करेंगे। साथ ही 27 परियोजनाओं का लोकार्पण व 21 का शिलान्यास करेंगे। इसके अलावा वे विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र भी देंगे। डेढ़ बजे सीएम सर्किट हाउस पहुंचेंगे। तीन बजे तक वे सर्किट हाउस में रुककर जनप्रतिनिधियों व पार्टी के पदाधिकारियों से भेंट करेंगे। दोपहर 3.20 पर वे हेलीकॉप्टर के जरिये ग्राम भरपुरा पहुंचेंगे।
यहां वे हर घर नल - घर घर जल योजना का निरीक्षण करेंगे। शाम चार बजे नगर निगम पहुंचकर स्मार्ट सिटी योजना के तहत बनाए जा रहे कमांड सेंटर का निरीक्षण करेंगे। शाम 4.40 बजे वे आयुक्त सभागार पहुंचेंगे। यहां दो घंटे तक मंडल के विकास कार्यों व कानून व्यवस्था की समीक्षा करेंगे। शाम 6.55 बजे सर्किट हाउस पहुंच जाएंगे।
रात्रि विश्राम सर्किट हाउस में होगा। अगले दिन बुधवार को सुबह 9 बजे पुलिस लाइन के हेलिपैड से महोबा के लिए प्रस्थान कर जाएंगे। महोबा से सीएम चित्रकूट और बांदा भी जाएंगे। बांदा से शाम 4.45 बजे वे लखनऊ के लिए प्रस्थान कर जाएंगे। अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान मुख्यमंत्री बुंदेलखंड के छह जनपदों में जाएंगे। सबसे ज्यादा समय 21 घंटे वे झांसी में बिताएंगे।
Next Story