भारत

चंबा में तंबाकू मुक्त युवा अभियान 3.0 का आगाज

Shantanu Roy
10 Oct 2025 5:14 PM IST
चंबा में तंबाकू मुक्त युवा अभियान 3.0 का आगाज
x
Chamba. चंबा। उपायुक्त मुकेश रेप्सवाल ने गुरुवार को उपायुक्त कार्यालय के सम्मेलन कक्ष से तंबाकू मुक्त युवा अभियान 3.0 का जिला स्तर पर शुभारंभ किया। उन्होंने साथ ही चंबा पुलिस के तत्वावधान में नशीले एवं मादक पदार्थों के प्रयोग से होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी और जागरूकता को लेकर सक्षम अभियान का भी शुभारंभ किया। मुकेश रेप्सवाल ने कहा कि तंबाकू मुक्त युवा अभियान 3.0 के अंतर्गत जिला में आठ दिसंबर तक पूर्व चयनित 30 जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस समयावधि में जिला के विभिन्न 400 शिक्षण संस्थानों तथा 30 गांव को तंबाकू मुक्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। मुकेश रेपसवाल ने अभियान के सफल क्रियान्वयन को लेकर स्वास्थ्य विभाग की ओर से तैयार कार्ययोजना की विस्तृत समीक्षा कर सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। उन्होंने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को सक्षम अभियान के तहत की जाने वाली गतिविधियों को तंबाकू मुक्त युवा अभियान के साथ संयुक्त रूप से आयोजित करने को
कहा।

उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को कोटपा अधिनियम, तंबाकू मुक्त शिक्षण संस्थान, तंबाकू वेंडर लाइसेंस इत्यादि की उपलब्धता भी सुनिश्चित बनाने को कहा। इस दौरान मुकेश रेप्सवाल ने स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, पुलिस विभाग, आयुष विभाग, आबकारी एवं कराधान, शिक्षा विभाग, पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास, शहरी विकास विभाग, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, युवा सेवाएं एवं खेल विभाग के अधिकारियों की अभियान के अंतर्गत भूमिका एवं उत्तरदायित्व को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हितेश लखनपाल ने इस दौरान नशीले एवं मादक पदार्थों के प्रयोग से होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी और जागरूकता को लेकर सक्षम अभियान के अंतर्गत आयोजित की जाने वाली विभिन्न गतिविधियों की जानकारी भी साझा की। मुख्य चिकित्साधिकारी डा. विपिन ठाकुर ने स्वागत संबोधन रखा। जिला कार्यक्रम अधिकारी स्वास्थ्य डा.कारण हितैषी ने पावर प्र्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से तंबाकू मुक्त युवा अभियान 3.0 से संबंधित विस्तृत जानकारी से अवगत करवाया।
Next Story