भारत

मेयर चुनाव से पहले कांग्रेस के तीन पार्षदों और पूर्व प्रत्याशी पर अवैध कब्जे का आरोप

Shantanu Roy
1 July 2026 4:09 PM IST
मेयर चुनाव से पहले कांग्रेस के तीन पार्षदों और पूर्व प्रत्याशी पर अवैध कब्जे का आरोप
x
Hospice. धर्मशाला। नगर निगम धर्मशाला में पहली जुलाई को प्रस्तावित मेयर और डिप्टी मेयर के अहम चुनाव से ठीक पहले स्थानीय राजनीति में भूचाल आ गया है। भाजपा ने कांग्रेस के तीन नवनिर्वाचित पार्षदों और एक पूर्व प्रत्याशी पर सरकारी भूमि पर अवैध अतिक्रमण करने का गंभीर आरोप लगाया है। इस बाबत भाजपा की ओर से उपायुक्त कांगड़ा को शिकायत सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषी पाए जाने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए अब यह चर्चा तेज हो गई है कि यदि जांच में आरोप सिद्ध होते हैं, तो न केवल इन नेताओं पर कानूनी गाज गिरेगी, बल्कि निर्वाचित पार्षदों की सदस्यता पर भी संकट के बादल मंडरा सकते हैं। जिन नेताओं को घेरे में लिया गया है, उनमें वार्ड नंबर-4 से पार्षद नीनू शर्मा, वार्ड नंबर-11 से अनुराग धीमान, वार्ड नंबर-14 से आनोज विष्ट और कांग्रेस के पूर्व प्रत्याशी सुरेश पप्पी शामिल हैं।
उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा को सौंपी गई शिकायत की प्रतिलिपि प्रधानमंत्री कार्यालय, शहरी विकास मंत्रालय के निदेशक, हिमाचल प्रदेश सरकार के सचिव, राजस्व विभाग और एसडीएम धर्मशाला को भी भेजी गई है। अब सभी की निगाहें प्रशासन द्वारा ली जाने वाली आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं कि क्या यह जांच मात्र चुनावी स्टंट साबित होगी या वास्तव में किसी बड़े उलटफेर का कारण बनेगी। भाजपा खेमा अब वार्ड नंबर-15 से पूर्व मेयर रजनी व्यास और वार्ड -2 से ओंकार सिंह नेहरिया के कथित अतिक्रमण मामलों पर भी कानूनी राय लेने में जुटा है। शिकायतकर्ताओं का दावा है कि जैसे ही साक्ष्य एकत्रित होंगे, इनके खिलाफ भी शिकायत दर्ज कराई जाएगी।
Next Story