भारत

शांतिपूर्ण रहा तीसरे चरण का मतदान

Shantanu Roy
1 Jun 2026 4:32 PM IST
शांतिपूर्ण रहा तीसरे चरण का मतदान
x
Chamba. चंबा। जिला चंबा मे पंचायत चुनावों के तीसरे चरण में शनिवार को पांच विकास खंडों की 85 पंचायतों में संपन्न मतदान प्रक्रिया में महिलाओं व युवाओं के अलावा बुजुर्गो में खास उत्साह देखने को मिला। शनिवार को सवेरे हल्की बारिश के बीच मतदाताओं की मतदान केंद्र पहुंचने का सिलसिला आरंभ हो गया था। दोपहर एक बजे बाद मौसम के साफ होते ही भारी संख्या में मतदाताओं ने पोलिंग स्टेशन पहुंचकर मत के लोकतांत्रिक अधिकार का प्रयोग कर कई उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला किया। दोपहर एक तक चंबा जिला में करीब 62 फीसदी मतदान रिकार्ड किया गया। शनिवार को तृतीय व अंतिम चरण 30 मई को विकास खंड चंबा की 15, तीसा की 16, मैहला की 17, सलूणी की 14 और भटियात की 23 पंचायतों में मतदान हुआ है। शनिवार को दिन चढ़ते ही लोग घरों से बाहर निकलकर मताधिकार प्रयोग करने के लिए
पोलिंग स्टेशन पहुंचे।


इस दौरान जिला के कई पोलिंग स्टेशन पर लोग कतारों में खड़े होकर मताधिकार के लिए अपनी बारी का इंतजार करते दिखे। शनिवार को जिला के विभिन्न विकास खंडों में कई बुजुर्गों ने उम्र को पीछे छोडक़र पारिवारिक सदस्यों संग पोलिंग स्टेशन पहुंचकर मताधिकार का प्रयोग किया। डलहौजी के विधायक डीएस ठाकुर ने पारिवारिक सदस्यों संग सुंडला पंचायत में मतदान किया। मार्केट कमेटी के चेयरमैन ललित ठाकुर ने राड़ी पंचायत के पोलिंग बूथ पर पारिवारिक सदस्यों संग मताधिकार का प्रयोग किया। शनिवार को चंबा विकास खंड की सरोल पंचायत के घोल्टी बूथ पर 103 वर्षीय चमेली देवी, संघणी में 103 वर्षीय जमालदीन, तीसा की पदर पंचायत में 90 वर्षीय महिला और 88 वर्षीय पूर्व सैनिक ज्ञान चंद ने पोलिंग स्टेशन पहुंचकर मतदान कर मिसाल पेश की। तीसरे चरण के चुनावों में युवा व महिलाओं मतदाताओं की भागेदारी भी काफी देखने को मिली। चंबा जिला में तीसरे चरण की मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से निपटाई गई। बहरहाल, शनिवार को तीसरे चरण की मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्वक निपटने से जिला प्रशासन ने बडी राहत महसूस की है।
Next Story