
यूपी। शाहजहांपुर के तिलहर के निजामगंज में एक दिल दहला देने वाली घटना हुई। नशे की हालत में पिता को संबल से मारने दौड़े युवक की उसके पिता ने ही लाइसेंसी बंदूक से गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने पिता को बंदूक के साथ हिरासत में लिया है। थाने पर आरोपी से पूछताछ की गई।
तिलहर के रजाकपुर गांव निवासी ओमकार गंगवार का बेटा हर्षवर्धन (35) नशे का आदी था और परिजनों से अक्सर मारपीट करता था। हर्षवर्धन की शादी नहीं हुई थी और वह घर का सामान चोरी कर बेच देता था। बड़े भाई आलोक के मुताबिक, वह सीमेंट की स्लैब तोड़कर सरिया तक बेच चुका था। सोमवार को भी उसने घर में उत्पात मचाया, लिंटर काटा, सामान तोड़ा और पिता से भी मारपीट की। निजामगंज वाले घर में सोमवार शाम को वह नंगा होकर संबल से पिता को मारने दौड़ा। ओमकार ने किसी तरह संबल छीना लेकिन हर्षवर्धन अंदर से लाइसेंसी बंदूक निकाल लाया और उसमें कारतूस लोड करने लगा। इसी दौरान छीनाझपटी में गोली चल गई, जो हर्षवर्धन के सीने में लगी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने बंदूक व संबल जब्त कर जांच शुरू कर दी। परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
एसपी राजेश द्विवेदी ने बताया कि छीनाझपटी में युवक को गोली लगी और उसकी मौत हो गई है। युवक अपनी मां को छेनी-हथौड़ी लेकर मारने जा रहा था। उसके बाद पिता ने विरोध किया तो उनके ऊपर भी हथौड़ी लेकर दौड़ा। इसी बीच बंदूक लेकर पहुंच गया। छीनाझपटी के दौरान गोली लगी है। घर वालों ने भी ऐसी ही जानकारी दी है। बाकी मामले में जांच की जा रही है। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।





