
सरगुजा। जिले के बतौली मुख्य बाजार स्थित मां अम्बे मोबाइल एंड रिपेयरिंग दुकान में दिनदहाड़े मोबाइल चोरी की घटना सामने आई है। ग्राहक बनकर आए एक युवक ने दुकान के हेल्पर को बातों में उलझाया और मौका पाकर काउंटर पर रखा लगभग 23 हजार रुपये कीमत का मोबाइल लेकर फरार हो गया।
पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। जानकारी के अनुसार, सीतापुर के प्रतापगढ़ निवासी राजन अग्रवाल बतौली में मां अम्बे मोबाइल एंड रिपेयरिंग दुकान का संचालन करते हैं। घटना के समय वे दुकान के दूसरे हिस्से में मोबाइल रिपेयरिंग कार्य में व्यस्त थे, जबकि आरोपी ग्राहक बनकर दुकान में पहुंचा और हेल्पर का ध्यान भटकाकर मोबाइल चोरी कर फरार हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही दुकान संचालक ने तत्काल बतौली थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसकी तलाश में जुट गई है। इस घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में आक्रोश और दहशत का माहौल है। व्यापारियों का कहना है कि बतौली बाजार में इससे पहले भी नकदी चोरी, मोबाइल चोरी और हाथ की सफाई जैसी कई घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था मजबूत नहीं होने से चोरों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं।





