भारत

मां शूलिनी मेले में थिएटर फेस्टिवल ने जमाया रंग

Shantanu Roy
1 July 2026 5:43 PM IST
मां शूलिनी मेले में थिएटर फेस्टिवल ने जमाया रंग
x
Solan. सोलन। राष्ट्रीय स्तर के मां शूलिनी मेले में पहली बार आयोजित तीन दिवसीय सोलन थिएटर फेस्टिवल का मंगलवार को प्रभावशाली प्रस्तुतियों के साथ समापन हुआ। भाषा एवं संस्कृति विभाग, जिला प्रशासन सोलन और अनुकृति रंगमंडल कानपुर के संयुक्त तत्वावधान में 26 से 28 जून तक कला केंद्र कोठो में आयोजित नाट्य महोत्सव को दर्शकों का भरपूर समर्थन मिला। समापन समारोह में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. कर्नल धनीराम शांडिल मुख्य अतिथि रहे। उनके साथ उपायुक्त मनमोहन शर्मा, एसडीएम डॉ. पूनम बंसल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ और अतिथियों का पारंपरिक
सम्मान किया गया।


पहले सत्र में प्रस्तुत नाटक ‘गांधारी’ ने महाभारत की कथा को गांधारी के दृष्टिकोण से मंचित करते हुए त्याग, कर्तव्य, सत्ता, युद्ध और मानवीय संवेदनाओं का मार्मिक चित्रण किया। वहीं, दूसरे सत्र में कृष्ण चंदर की प्रसिद्ध व्यंग्य रचना ‘जामुन का पेड़’ के माध्यम से सरकारी तंत्र की लालफीताशाही और प्रशासनिक उदासीनता पर तीखा व्यंग्य प्रस्तुत किया गया। दोनों प्रस्तुतियों ने दर्शकों की खूब सराहना बटोरी। समापन अवसर पर डॉ. धनीराम शांडिल ने अनुकृति रंगमंडल कानपुर के कलाकारों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। उन्होंने भविष्य में भी मां शूलिनी मेले के दौरान इस तरह के सांस्कृतिक एवं नाट्य आयोजनों को निरंतर जारी रखने पर बल दिया। पहली बार आयोजित थिएटर फेस्टिवल ने मेले की सांस्कृतिक विविधता में नया आयाम जोड़ते हुए अपनी अलग पहचान बनाई।
Next Story