भारत

दर्द से तड़प रहा था युवक, लोगों को लगा संदिग्ध, जमकर कर दी धुनाई

Nil dhankar
20 Sept 2025 7:41 AM IST
दर्द से तड़प रहा था युवक, लोगों को लगा संदिग्ध, जमकर कर दी धुनाई
x
पढ़े पूरी खबर

यूपी। बस्ती में ट्रेन से गिरकर घायल हुआ युवक एम्बुलेंस से इलाज के लिए अस्पताल पहुंचा तो वहां से अचानक चंपत हो गया। पास के गांव के ग्रामीणों ने संदिग्ध चोर समझ उसे पकड़ लिया और पेड़ से बांध दिया। पुलिस को चोर के बांधे जाने की जानकारी दी गई। इसकी सूचना मिलने पर जांच करने मौके पर पहुंची पुलिस उसे पूछताछ के लिए हिरासत में थाने ले आई। जांच-पड़ताल के बाद उसके परिजनों को बुलाकर सुपुर्द कर दिया गया।

बताया जा रहा है कि गुरुवार की रात हमसफर सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन से बभनान में एक युवक गिरकर बुरी तरह घायल हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस सेवा से उसे सीएचसी गौर पहुंचाया गया। वहां पर प्राथमिक इलाज के बाद युवक भाग गया। युवक को गौर थानाक्षेत्र के सुजिया गांव के ग्रामीणों ने संदिग्ध चोर समझ पकड़ लिया और उसे पेड़ से बांध दिया। इसकी सूचना गौर पुलिस को दी।

मौके पर पहुंची पुलिस जांच के लिए उसे थाने लाई। जांच में उसने अपना नाम सुनील साहनी पुत्र अंबिका साहनी निवासी डेड़िया थाना एकौना जनपद देवरिया बताया। पुलिस ने मूल थाना सहित ग्राम प्रधान से युवक के विषय में जानकारी ली। इसके बाद उसके परिजनों को बुलाकर दूसरे दिन सकुशल सुपुर्द कर दिया।

इस बाबत प्रभारी निरीक्षक गौर परमा शंकर यादव ने बताया कि ग्रामीणों द्वारा संदिग्ध चोर को पकड़ने की सूचना दी गई थी। जांच के बाद पता चला की युवक ट्रेन से गिरा था। युवक के परिजनों को बुलाकर सुपुर्द कर दिया गया है। मामले में कोई तहरीर नहीं है। गांव वालों ने युवक को चोर समझकर पकड़ा था और पुलिस के हवाले कर दिया था।


Next Story
null