मिट्टी में गाड़ दिया युवक को, भाईयों ने बहन के आशिक को दी खौफनाक मौत

यूपी। बागपत कोतवाली क्षेत्र के फैजपुर निनाना में कालोनी के निकट ज्वार के खेत में युवक की मुंह व गला दबाकर बेरहमी से हत्या की गई। उसका चेहरा मिट्टी में धंसा मिला। आशंका है कि हत्या करने के बाद युवक के सिर व गर्दन पर पैर रखकर कातिल खड़े हुए। वहीं देर रात हत्याकांड का खुलासा करते हुए एनपी सिंह ने बताया कि फैजपुर निनाना गांव के सद्दाम, अंकित और राहुल ने आकाश की हत्या की है। गिरफ्तार किए गए सद्दाम को आकाश पर बहन के साथ अवैध संबंध होने का शक था, इसे लेकर सद्दाम ने कई बार आकाश को समझाया। इसके चलते बुधवार रात आकाश को बुलाकर तीनों खेत में ले गए। वहां पर पहले हत्यारोपियों ने आकाश की पिटाई की और फिर गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।
फैजपुर निनाना निवासी 24 वर्षीय युवक आकाश उर्फ काला पुत्र प्रेम चंद हरियाणा की कंपनी में प्राइवेट नौकरी करता था। उसने कुछ समय पहले नौकरी छोड़ दी थी और घर पर ही रह रहा था। वह मंगलवार की रात करीब नौ बजे घर से बाहर गया था, लेकिन वापस नहीं लौटा। ग्रामीणों ने बताया कि बुधवार शाम करीब साढ़े सात बजे तक आकाश गांव में घूमता दिखाई दिया था, इसके बावजूद वह घर नहीं पहुंचा था। गुरुवार सुबह लाला जगदीश जैन की कालोनी से करीब 100 मीटर की दूरी पर गांव की एक महिला को ज्वार के खेत में उसका शव पड़ा दिखाई दिया। मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। आकाश का चेहरा गिली मिट्टी में धंसा हुआ था। उसके मुंह से खून निकल रहा था और करीब चार मीटर की दूरी पर बेल्ट पड़ी थी। मृतक आकाश के भाई बिट्टू ने गांव के ही सद्दाम, गौरव, अंकित, प्रधान के जेठ रोहित, राशिद और दो अज्ञात युवकों पर घर से बुलाकर हत्या करने का आरोप लगाकर मुकदमा दर्ज कराया।
वहीं, घटना का पता चलते ही सीओ श्वेता ठाकुर, कोतवाली प्रभारी दीक्षित कुमार त्यागी मौके पर पहुंचे और शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पूरी घटना की जांच की जा रही है। अन्य आरोपियों की संलिप्तता की जांच कराई जा रही है। निनाना निवासी प्रेमचंद ईंट भट्ठे पर मजदूरी कर परिवार का पालन पोषण कर रहा है। उसके चार बेटे और तीन बेटियां हैं। गुरुवार की सुबह गांव जंगल में आकाश का शव पड़ा होने की सूचना मिलते ही पूरे परिवार में कोहराम मच गया।





